Kashi Express Video: काशी एक्सप्रेस के एक वीडियो को लेकर इन दिनों हंगामा मचा है। काशी एक्सप्रेस के एसी-2 टियर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक यूजर्स ने दावा किया था कि डिब्बे में काफी भीड़ है, न पानी मिल रहा है और न ही खाना। अब रेलवे ने इस वीडियो पर जवाब दिया है। रेलवे ने इसे मिसलीडिंग बताते हुए ताजा वीडियो भी पोस्ट किया है।
काशी एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में भारी भीड़
पूरा मामला समझिए
दरअसल एक यात्री ने आरामदायक यात्रा अनुभव की उम्मीद में काशी एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में सीट बुक की। हालांकि, वह डिब्बे को बिना टिकट यात्रियों से भरा हुआ देखकर हैरान रह गया। उन्होंने न केवल वॉशरूम का रास्ता बंद कर दिया बल्कि डिब्बे के दरवाजे पर भी खड़े हो गए। दरवाजे खुले होने के कारण ट्रेन का एसी ठीक से काम नहीं कर रहा था।
14 अप्रैल का वीडियो
अदनान बिन सुफियान नाम के यात्री ने डिब्बे की गंभीर स्थिति को अपने स्मार्टफोन पर रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य अधिकारियों को भी टैग करते हुए उनसे आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। जिसपर रेलवे ने एक्शन लेने की भी बात कही। यह वीडियो 14 अप्रैल का है।
रेलवे का आया जवाब
इस वीडियो को एक अन्य यूजर ने 19 अप्रैल को फिर से ट्वीट किया और भीड़ भाड़ होने का दावा करते हुए रेलवे से सवाल पूछा। इसी वीडियो पर रेलवे की ओर से जवाब देते हुए इसे मिसलीडिंग बताया गया। रेलवे ने ट्रेन के एक अन्य वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा- "कोच का वर्तमान वीडियो। कोई भीड़-भाड़ नहीं। कृपया भ्रामक वीडियो साझा करके भारतीय रेलवे की छवि खराब न करें।"
