भारत ने काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तानी बमबारी की निंदा करते हुए कहा कि यह कायराना हमला है। भारत इस मुश्किल घड़ी में पाकिस्तान के साथ खड़ा है। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपने बयान में कहा कि 16 मार्च की रात काबुल स्थित ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर किया गया हमला “बर्बर, कायराना और अमानवीय” है, जिसमें बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की जान गई।
काबुल में पाकिस्तान के हमले में तबाह हुआ अस्पताल (फोटो- AP)
अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला- भारत
भारत ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में एक अस्पताल को सैन्य लक्ष्य नहीं ठहराया जा सकता। बयान में आरोप लगाया गया कि पाकिस्तान इस नरसंहार को “सैन्य कार्रवाई” बताकर उसे सही ठहराने की कोशिश कर रहा है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह हमला न केवल अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए भी गंभीर खतरा है। भारत ने कहा कि यह घटना पाकिस्तान के उस पुराने पैटर्न को दर्शाती है, जिसमें वह अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सीमा पार हिंसा का सहारा लेता रहा है।
भारत की अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील
बयान में इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि यह हमला पवित्र महीने रमजान के दौरान किया गया, जो शांति, संयम और दया का प्रतीक माना जाता है। ऐसे समय में अस्पताल और मरीजों को निशाना बनाना न केवल कानून और नैतिकता के खिलाफ है, बल्कि किसी भी धर्म की मूल भावना के भी विपरीत है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटना को गंभीरता से लेने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हमलों को रोका जा सके और क्षेत्र में स्थिरता बनी रहे।
पाकिस्तान के हमले में 400 लोगों की मौत
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के सरकारी उप प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी। पाकिस्तान ने जिस अस्पताल पर हमला किया है वहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता था। उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। हमले में 400 लोग मारे गए हैं, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं। फितरत ने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
