भारत 15 अगस्त यानी आज 79 वां स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2025) मना रहा है इस खास मौके पर प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से भाषण देंगे। राष्ट्रीय राजधानी को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर किले में तब्दील कर दिया गया है। ऊंची इमारतों पर 'स्नाइपर' तैनात किये गए हैं, पूरे शहर में कैमरे लगाए गए हैं और मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल लाल किले के आसपास 11 हजार सुरक्षाकर्मियों और 3000 यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे (फाइल फोटो: canva)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री का यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब 'ऑपरेशन सिंदूर' को कुछ महीने ही हुए हैं और विपक्षी दल चुनाव में कथित गड़बड़ियों को लेकर एकजुट होकर उनकी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।
मोदी इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास और अपने कार्यकाल में कल्याणकारी मॉडल के विस्तार पर भारत के अडिग रुख को रेखांकित कर सकते हैं। साथ ही वह व्यापार पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत के प्रति प्रतिकूल रुख से उत्पन्न आर्थिक और विदेशी संबंधों की अनिश्चितता के माहौल पर भी बोल सकते हैं।
'देश को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने पर बार-बार जोर'
प्रधानमंत्री पिछले काफी समय से 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने में मदद के लिए स्वदेशी तकनीक और स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देकर देश को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने पर बार-बार जोर दे रहे हैं और देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से उनके भाषण में इसी बात को दोहराया जा सकता है।
हाल में लगातार दो बार प्रधानमंत्री बनने के इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के बाद, मोदी अपने 12वें स्वतंत्रता दिवस संबोधन के साथ, लाल किले की प्राचीर से दिए गए इंदिरा के लगातार 11 भाषणों को पीछे छोड़ते हुए, इस मामले में प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे स्थान पर होंगे।
नई योजनाओं की घोषणा भी अपने संबोधन में करते हैं
इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक, और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 में अपनी हत्या तक, प्रधानमंत्री पद पर रहीं। कुल मिलाकर, उन्होंने 15 अगस्त को प्रधानमंत्री के रूप में 16 भाषण दिए हैं।पंद्रह अगस्त को मोदी के भाषणों में हमेशा उस समय के प्रमुख मुद्दे और उनके कार्यकाल में देश के विकास पर चर्चा होती है, और वे अकसर नीतिगत पहलों या नई योजनाओं की घोषणा भी अपने संबोधन में करते हैं।
यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू
राष्ट्रीय राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने 15 अगस्त के लिए विस्तृत परामर्श जारी किया है, जिसमें शहर भर में व्यापक यातायात प्रतिबंधों और मार्ग परिवर्तन की जानकारी दी गई है।अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि ये उपाय सुबह चार बजे से 10 बजे तक लागू रहेंगे तथा जनता को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं, प्रभावित क्षेत्रों से बचें तथा जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
लाल किले के आसपास की कई सड़कें सामान्य यातायात के लिए बंद
यातायात परामर्श के मुताबिक, प्रतिबंधित घंटों के दौरान लाल किले के आसपास की कई सड़कें सामान्य यातायात के लिए बंद रहेंगी। इनमें दिल्ली गेट से छत्ता रेल तक नेताजी सुभाष मार्ग, जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल तक लोथियन रोड, और एच.सी. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक शामिल हैं।इसके मुताबिक, फव्वारा चौक से लाल किले तक चांदनी चौक रोड और रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक निषाद राज मार्ग भी बंद रहेगा।
परामर्श के मुताबिक, सुभाष पार्क से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक रिंग रोड और रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक महात्मा गांधी मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। केवल अधिकृत लेबल या पास वाले वाहनों को ही प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति होगी।
प्रतिबंधित घंटों के दौरान कई सड़कों से बचने की सलाह
स्वतंत्रता दिवस समारोहों के मद्देनजर बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को प्रतिबंधित घंटों के दौरान कई सड़कों से बचने की सलाह दी गई है। इनमें सी-हेक्सागन इंडिया गेट, कोपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू-पॉइंट, ए-पॉइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग तथा निजामुद्दीन खत्ता और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड शामिल हैं।
रोड पर आवाजाही भी प्रतिबंधित भी रहेगी
दिल्ली के ज्वाइंट कमिश्नर मधुर वर्मा ने बताया कि अनुमानित तौर पर 20 से 25 हजार गेस्ट लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखने के लिए पहुंचते हैं, जिनमें वीआईपी गेस्ट और आम जनता भी शामिल है। मैं लोगों से अपील करूंगा कि वह कार्यक्रम स्थल पर सुबह 6 से 6:30 के बीच पहुंचे। इसके बाद वीवीआईपी मूवमेंट शुरू हो जाएगा और रोड पर आवाजाही भी प्रतिबंधित भी रहेगी।
