INDIA Bloc Protest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को संसद के सेंट्रल हॉल में विपक्षी सांसदों को संबोधित करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण 'ट्रिस्ट विद डेस्टिनी' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने एक बहुत प्रसिद्ध भाषण दिया था। यह 14 अगस्त, 1947 को संसद के सेंट्रल हॉल से दिया गया था।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCIndia)
राहुल गांधी ने कहा कि मैं उस भाषण का कुछ अंश कोट करना चाहता हूं। यह भारत, पूरे एशिया और दुनिया के लिए एक निर्णायक पल है। पूर्व में स्वतंत्रता का एक नया सितारा उभर रहा है, एक नई उम्मीद जगी है और लंबे समय से संजोया गया सपना साकार हो रहा है। उम्मीद है कि यह सितारा कभी डूबे नहीं और यह उम्मीद कभी न टूटे...
'सरकार को बर्खास्त करना होगा'
इस दौरान, राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ही नहीं, बल्कि अब सरकार को बर्खास्त करना होगा। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष पिछले कुछ दिनों की तरह अपना दबाव बनाए रखता है, तो सरकार गिर जाएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के प्रदर्शनों ने सरकार की नींव हिला दी है और अब सरकार डरी हुई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ''ज्ञानेश कुमार से कहीं अधिक गहरी समस्या है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है।'' उन्होंने कहा कि यह ऐसी लड़ाई है, जिसके लिए संघर्ष करना और जान तक देना सार्थक है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विजय चौक पर विपक्षी दलों का धरना, राष्ट्रपति से मिलने जा रहे सांसद; राहुल बोले- अब सरकार को बर्खास्त करना होगा
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल एक 'सर्विस प्रोवाइडर' (सेवा प्रदाता) हैं और उनमें यह कहने का साहस है कि वह जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों से मुलाकात नहीं करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ''यदि हम पिछले तीन-चार दिनों की तरह अपना दबाव बनाए रखते हैं, तो मैं गारंटी देता हूं कि यह सरकार गिर जाएगी।''
