Covid BF.7 : कोरोना की पहली, दूसरी और तीसरी लहर के दौरान संक्रमण के बारे में अपने गणितीय मॉडल से सटीक अनुमान लगाने वाले कानपुर आईआईटी ने ओमीक्रोन के सबवैरिएंट BF.7 के बारे में भी बयान दिया है। आईआईटी के प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल ने कहा है कि इस सबवैरिएंट को लेकर भारत में लोगों को चिंता करने और घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि यहां की 98 प्रतिशत आबादी में हर्ड इम्यूनिटी पैदा हो चुकी है, इसलिए परेशान होने की जरूरत नहीं है।
चीन में तेजी से फैल रहा कोरोना का संक्रमण।
प्रोफेसर ने कहा है कि समय गुजरने के साथ लोगों की प्रतिरोधक क्षमता में कमी आना स्वाभाविक है और इससे संक्रमण में थोड़ा इजाफा हो सकता है लेकिन संक्रमण बड़े पैमाने पर फैलेगा, इस बात की आशंका बहुत ही कम है।
Coming to India, we continue to have > 98% population with natural immunity. So I do not see any reason for concern… t.co/Uzu9qi5Rhz
— ANI (@ANI) Dec 21, 2022
इन देशों में नहीं बढ़ा स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता
ओमीक्रोन के सबवैरिएंट बीएफ.7 से ही चीन में लोग बड़े पैमाने पर संक्रमित हुए हैं। चीन में संक्रमण में आए उछाल एवं भारत की स्थिति पर अग्रवाल ने कई ट्वीट किए हैं। जिन देशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े रहे हैं उनके बारे में प्रोफेसर ने कहा है कि इसकी अलग-अलग वजहें हो सकती हैं। अग्रवाल का कहना है कि अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्राजील में आबादी के एक बड़े भाग में स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता नहीं है। इन देशों में संक्रमण बढ़ने की एक बड़ी वजह ओमीक्रोन के नए वैरिएंट हैं जो कि ज्यादा संक्रामक पाए गए हैं।
It has continued to hold true - countries with high level of natural immunity have not seen significant rise in cas… t.co/hlICoL60D7
— ANI (@ANI) Dec 21, 2022
जीरो कोविड पॉलिसी से संक्रमण में उछाल की वजह
प्रोफेसर ने आगे कहा कि कोरोना के प्रकोप को लेकर वह चीन को आगाह करते आए हैं। उन्होंने कहा, 'चीन की जीरो कोविड पॉलिसी की वजह से मैंने वहां संक्रमण में उछाल आने की आशंका जताई थी, जो अब सही साबित हुई है। चीन संक्रमण के अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। लोगों में स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता की कमी है और सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रतिबंध ढीले कर दिए गए हैं। जिन देशों में स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता का स्तर ज्यादा है, वहां संक्रमण के ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं। जबकि चीन में हमने पाया है कि वहां के लोगों में स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता पैदा नहीं हो पाई है।'
6) Short-term future does not look good. The pandemic will hit the remaining population soon, and then the cases wi… t.co/7hDortpFKm
— ANI (@ANI) Dec 21, 2022
BF.7 ओमीक्रोन फैमिली का ही है
उन्होंने कहा, 'करीब पूरी आबादी में स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता पैदा हो जाने के बाद ही संक्रमण फैलने पर रोक लग पाएगी। दुनिया भर में ओमीक्रोन वैरिएंट्स की लहरों पर आए हमारे विश्लेषण यही बात कहते हैं कि स्वाभाविक प्रतिरोधक क्षमता किसी भी वैरिएंट के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच देती है। चीन में जो वैरिएंट लोगों को बीमार बना रहा है, वह ओमीक्रोन फैमिली का ही है। यह वैरिएंट वैक्सीन लगने से मिली प्रतिरोधक क्षमता को धोखा दे रहा है। चूंकि, चीन में प्रतिबंधों में ढील दे दी गई है, ऐसे में संक्रमण वहां तेजी से फैल रहा है।'
