Imphal Manipur BSF Food Poisoning RIMS Hospital: मणिपुर की राजधानी इंफाल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां लैंफेलपट स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की इमरजेंसी सेवाओं में 78 बीएसएफ (BSF) कर्मियों और तीन नागरिकों को अचानक फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning) के चलते भर्ती कराया गया है। नाश्ता करने के बाद अचानक इन सभी की तबीयत बिगड़ने लगी थी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
क्या बोले RIMS के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट?
मामले की जानकारी देते हुए RIMS के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रोफेसर डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया, 'बीएसएफ की पूरी कंपनी को नाश्ता करने के बाद बार-बार उल्टी और घबराहट की शिकायत के बाद हमारे ओपीडी ब्लॉक में लाया गया। यह स्पष्ट रूप से फूड पॉइजनिंग का मामला है। वे सभी इलाज पर सकारात्मक रूप से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हम उन्हें पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ (Fluids) दे रहे हैं... सभी मरीज कुछ ही घंटों में पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। कुल 78 बीएसएफ कर्मी और तीन नागरिक प्रभावित हुए हैं।'
अस्पताल प्रशासन मुस्तैद, स्थिति नियंत्रण में
अचानक इतनी बड़ी संख्या में जवानों के अस्पताल पहुंचने से चिकित्सा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था, लेकिन RIMS के आपातकालीन विभाग ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी को जरूरी चिकित्सा सहायता मुहैया कराई। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है और सभी खतरे से बाहर हैं।
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सुबह का नाश्ता दूषित होने की वजह से यह सामूहिक फूड पॉइजनिंग की घटना घटी है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
अधिकारियों ने उन परिस्थितियों के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है, जिनमें ये कर्मी और आम नागरिक बीमार पड़ गए हैं। संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की जांच चल रही है और मेडिकल टीम इसके कारण का पता लगाने के लिए टेस्ट कर रही है।
