Himachal Rain Alert: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने सोमवार से गुरुवार तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही और शनिवार रात से कांगड़ा में 68.4 मिमी बारिश हुई। इसके बाद मुरारी देवी में 52.6 मिमी, पालमपुर में 52 मिमी, सराहन में 25 मिमी, धर्मशाला में 23.2 मिमी, जुब्बारहट्टी में 17 मिमी, बाजुरा में 16 मिमी, पंडोह में 11.5 मिमी, कुफरी में 11.2 मिमी, बिलासपुर में 10.4 मिमी और कसौली में 10 मिमी बारिश हुई।
हिमाचल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट (फाइल फोटो)
हिमाचल की 360 सड़कें बंद
राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र (SEOC) के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-305 का हिस्सा ऑट-सैंज रोड समेत 360 सड़कें बंद हैं। इनमें 212 सड़कें मंडी और 92 कुल्लू जिले में हैं। इस वर्ष मानसून ऋतु में अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 116 लोगों की मौत हुई है और 37 लोग लापता हैं। इसके अलावा, 132 पावर ट्रांसफार्मर और 520 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
अबतक 1,989 करोड़ का हुआ नुकसान
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, राज्य में 20 जून को मॉनसून ने दस्तक दी थी और अब तक राज्य में 1,989 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान अचानक आई बाढ़ की 58 घटना, बादल फटने की 30 घटनाएं और भूस्खलन की 54 मामले दर्ज किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से 10 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश में 507.3 मिमी वर्षा हुई है।
