Cyclone Biparjoy Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से चक्रवाती तूफान बिपरजॉय को लेकरअलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान अगले 24 घंटों में अपना असर दिखाएगा और यह उत्तरपूर्व की ओर तेजी से बढ़ेगा। मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवाती तूफान के कारण आने वाले दिनों में कुछ राज्यों के मौसम में बदलाव होगा, इससे उन राज्यों को भी राहत मिलने की उम्मीद है जहां बीते कई दिनों से लू चल रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 24 घंटों में साइक्लोन गंभीर स्थिति में होगा।
मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण अरब सागर तट वलसाड में तीथल बीच पर ऊंची लहरें उठ रही हैं, इस कारण एहतियातन बीच को 14 जून तक बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बिपरजॉय के कारण केरल के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का खतरा है, जिस कारण यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की वह अन्य जिलों में भी लोगों को मौसम को लेकर अलर्ट किया गया है।
मछुआरों के लिए चेतावनी जारी
वालसाड के तहसीलदार टीसी पटेल ने बताया कि चक्रवाती तूफान की स्थिति को देखते हुए, समुद्र किनारे रहने वाले मछुआरों को अलर्ट किया गया है और उन्हें वहां से हटा लिया गया है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आश्रय स्थल बनाए गए हैं। लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
कई राज्यों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण कई राज्यों के मौसम में भारी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, झारखंड, बंगाल, उत्तर प्रदेश में दिन भर बादल छाए रहने के आसार हैं, जिससे तापमान में कुछ नमी आएगी और बीते कई दिनों से चली रही गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि केरल कर्नाटक और गोवा के तटीय इलाकों में 10 जून तक समुद्र में ऊंची लहरों के उठने की संभावना बनी हुई है।
