Hijab Controversy Row: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि हम हिंदुत्व नहीं चलने देंगे। उन्होंने कहा कि उनके (भाजपा) सहयोगी ही महिलाओं के हिजाब और नकाब हटा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती (फोटो साभार: @IltijaMufti_)
इल्तिजा मुफ्ती ने क्या कुछ कहा?
पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने श्रीनगर में हिजाब विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि हम यहां आपके हिंदुत्व को नहीं चलने देंगे। अगर आप हमें जय श्रीराम या भारत माता की जय कहने के लिए मजबूर करेंगे तो हम ऐसा नहीं करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि हम देख रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में कश्मीरी छात्रों और कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ मारपीट हो रही है। इसलिए हम यहां पर हिंदुत्व विचारधारा को हावी नहीं होने देंगे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बीते दिसंबर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ने पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय में एक कार्यक्रम के दौरान आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले को लेकर इल्तिजा मुफ्ती भड़की हुई हैं और इसे मुस्लिम महिलाओं पर हमला करार दिया था। साथ ही इस मामले को लेकर थाने में नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।
सनद रहे कि हिजाब खींचने वाली घटना उस वक्त हुई जब आयुष डॉक्टर अपने अपॉइंटमेंट लेटर लेने के लिए पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में एकत्रित हुए थे। इसी दौरान जब महिला आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन अपना लेटर लेने के लिए स्टेज पर आई तो नीतीश कुमार ने उनका 'नकाब' देखा और कहा- 'यह क्या है' और फिर उसे हटा दिया। हालांकि, महिला डॉक्टर नुसरत परवीन ने अभी तक नौकरी ज्वाइन नहीं की।
