MGNREGA Row: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को मनरेगा का नाम बदलने पर मचे बवाल के बीच भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महात्मा गांधी की पहचान और विरासत को मिटाया नहीं जा सकता है।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (फाइल फोटो)
भाजपा पर बरसे शिवकुमार
मनरेगा का नाम बदलकर 'जी राम जी' करने के बारे में पूछे सवाल पर शिवकुमार ने कहा, ''वह नाम नहीं बदल सकते हैं। अगर आपमें हिम्मत है तो आप करेंसी नोट से महात्मा गांधी की फोटो हटा दें... आप ऐसा नहीं कर सकते... क्या आप (BJP) करेंसी नोट से महात्मा गांधी की फोटो हटा सकते है? आप नहीं हटा सकते।''
विपक्ष कानून के मूल नाम - महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम, 2005 को हटाए जाने का विरोध कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि यह विधेयक कानूनी 'काम करने के अधिकार' को कमजोर बनाता है और एक नए 60:40 फंडिंग विभाजन के माध्यम से राज्यों पर भारी वित्तीय बोझ डालता है।
'जी राम जी' विधेयक लोकसभा में पारित
लोकसभा ने गुरुवार को विपक्ष के हंगामे के बीच 'विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025' को मंजूरी दी। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने बापू के आदर्शों को मार दिया, जबकि मोदी सरकार ने उन्हें जिंदा रखा है।
मनरेगा योजना की जगह नया विधेयक लाने और उसमें से महात्मा गांधी का नाम हटाने को लेकर विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए चौहान ने कहा कि 'जी राम जी' विधेयक के माध्यम से पीएम मोदी की सरकार महात्मा गांधी के आदर्शों को लागू करने और विकसित गांव की बुनियाद पर विकसित भारत बनाने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है।
