महाराष्ट्र में अजित पवार (Ajit Pawar) भले ही उप मुख्यमंत्री बनकर एनसीपी (NCP) पर अपना दावा जता रहे हों, लेकिन चाचा शरद पवार (Sharad Pawar) उन्हें बख्शने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। अपने धोखेबाज नेताओं के खिलाफ शरद पवार पूरी तरह से मैदान में उतरे दिख रहे हैं। एक के बाद एक इलाकों में जाकर एनसीपी को मजबूत करते हुए माफी मांग रहे हैं।
येवला में रैली को संबोधित करते हुए शरद पवार (फोटो- NCP)
ये भी पढ़ें- न मैं थका हूं और न ही रिटायर हुआ हूं, आग हूं मैं- अजीत पवार पर भड़के शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल को भी दिखाया आइना
छगन भुजबल को घेरा
शनिवार को शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले अपने समर्थकों के साथ एनसीपी के बागी छगन भुजबल के क्षेत्र येवला में उतरे दिखाई दिए। यहां एनसीपी के नेताओं ने जमकर हमला बोला। एक रैली के दौरान शरद पवार ने कहा कि वो यहां किसी पर आरोप लगाने नहीं आए हैं, बल्कि जनता से माफी मांगने आए हैं। उनके कहने पर लोगों ने छगन भुजबल को वोट दिया था।
क्या बोले शरद पवार
शरद पवार ने येवला में कहा कि यह रैली किसी पर कोई आरोप लगाने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा- "मैं यहां आप सभी (येवला के लोगों) से माफी मांगने आया हूं। मेरा निर्णय गलत था, आपने मुझ पर भरोसा किया और मेरी पार्टी को वोट दिया लेकिन मेरा निर्णय (येवला से छगन भुजबल को विधायक बनाने का) गलत रहा। अत: आपसे क्षमा मांगना मेरा कर्तव्य है। अगली बार जब मैं दोबारा यहां आऊंगा तो वादा करता हूं कि गलती नहीं दोहराऊंगा।"
'बागी लौट आएं तो समस्या नहीं'
शरद पवार ने शनिवार को कहा कि यदि उनके भतीजे अजित पवार की अगुवाई वाला बागी गुट पुनर्विचार करके पार्टी में लौट आता है तो उन्हें कोई समस्या नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बागी नेता अब राजनीतिक रूप से अपरिपक्व नहीं रहे। अजित पवार के इस दावे पर कि अतीत में कई बार एनसीपी के भीतर भाजपा से हाथ मिलाने को लेकर चर्चा हुई थी, पवार ने कहा कि चर्चाएं हर समय होती रहती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भाजपा के साथ जाने का निर्णय कभी लिया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
