झारखंड: हेमंत सोरेन आज लेंगे सीएम पद की शपथ, दोबारा संभालेंगे राज्य की कमान

ईडी की गिरफ्तारी के बाद जेल से जमानत पर रिहा हुए हेमंत सोरेन दोबारा झारखंड के सीएम बनने जा रहे हैं। उन्हें राज्यपाल ने शपथ ग्रहण का न्योता दिया है।

Hemant Soren Oath: चंपाई सोरेन ने सीएम के पद से इस्तीफा देने के बाद अब हेमंत सोरेन दोबारा बतौर मुख्यमंत्री राज्य की कमान संभालेंगे। सरकार बनाने का दावा पेश करने के एक दिन बाद हेमंत सोरेन आज शाम 5 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। आज राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को राजभवन बुलाया था जिसके बाद उन्हें शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया गया। सहयोगी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि झामुमो नेता हेमंत सोरेन आज झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

चंपई सोरेन ने दिया इस्तीफा

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले, सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं और विधायकों ने चंपई सोरेन के आवास पर एक बैठक में सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक दल का नेता चुना। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद दो फरवरी को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले चंपई सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष की उपस्थिति में अपना इस्तीफा दे दिया जिससे दिन भर चलीं अटकलों पर विराम लग गया।

End of Feed