Vaishno Devi Yatra: आज वैष्णोदेवी यात्रा में तब व्यवधान उत्पन्न हो गया जब भारी बारिश के कारण हिमकोटि के पास माता वैष्णो देवी ट्रैक पर भूस्खलन हो गया। जिसके बाद यात्रा मार्ग पर बैटरी कार सेवाएं स्थगित कर दी गईं और तीर्थयात्रियों को भवन मंदिर तक पहुंचने के लिए पारंपरिक मार्ग से भेजा गया। भूस्खलन के कारण किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। निकासी अभियान जारी है। एलजी मनोज सिन्हा कल कटरा का दौरा कर सकते हैं।
वैष्णोदेवी में भूस्खलन
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
आज सुबह हुई इस घटना के बाद, अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इसी कारण बैटरी कार समेत माल और आपूर्ति ले जाने वाले अन्य वाहनों का परिचालन भी स्थगित रहा। भूस्खलन से किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने क्या कहा
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्र का मूल्यांकन किया और अविलंब मलबा हटाने के लिए टीमें भेजी हैं। श्राइन बोर्ड के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, "श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम जल्द से जल्द हिमकोटि ट्रैक तक पहुंच बहाल करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं और साथ ही सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर रहे हैं।"
