Gujarat Assembly Elections 2022: गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूरा जोर लगाया। पार्टी नेतृत्व ने चुनावी कैंपेन में कई बड़े और अहम चेहरों को साथ लिया, जिनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के चीफ मिनिस्टर पुष्कर सिंह धामी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर थे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई। (फाइल)
हालांकि, इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई प्रचार में गायब रहे। अंग्रेजी अखबार 'दि इंडियन एक्सप्रेस' को इस मसले पर बीजेपी नेताओं के एक धड़े ने बताया कि बोम्मई (दक्षिण भारतीय सूबे से भाजपा के इकलौते सीएम) की गैर-मौजूदगी उनके एक अच्छे हिंदी वक्ता होने के बावजूद आश्चर्यजनक थी।
ऐसे नेताओं ने यह भी बताया कि गुजरात में कन्नडिगाओं (कन्नड बोलने वाले स्थानीय लोग) की भी अच्छी-खासी संख्या है। 1920 के दशक में कर्नाटक के लोगों ने गुजरात में बसना शुरू किया था और एक संघ (मित्र कुटा) जो बाद में कर्नाटक संघ बन गया, साल 1932 में कन्नड़ भाषी लोगों को उनकी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के लिए संगठित करने के लिए पंजीकृत किया गया था।
दरअसल, 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में दो चरण में चुनाव हुआ है। एक दिसंबर को पहले चरण के तहत 89 सीट पर करीब 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि सोमवार (पांच दिसंबर, 2022) को दूसरे चरण में 92 सीट पर वोटिंग हुई। वोटों की गिनती आठ दिसंबर, 2022 को की जाएगी।
