GST Rate Cut: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों के सरलीकरण पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीट कम होने पर आयकर भी कम हो गया और जीएसटी स्लैब भी घट गया।
जीएसटी टैक्स स्लैब घटाने पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मोदी सरकार पर कसा तंज।(फोटो सोर्स: पीटीआई)
गहलोत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘लोकसभा में भाजपा की सीट 303 से 240 पहुंचने पर इनकम टैक्स भी कम हो गया एवं जीएसटी स्लैब भी घट गया।’’
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘63 सीट कम होने में इतना लाभ है तो यदि भाजपा की लोकसभा में 150 सीट कम हो जाएं तो जनता को मिलने वाला फायदा और भी अधिक बढ़ जाएगा।’’
12 सितंबर से लागू होंगे फैसले
बता दें कि जीएसटी परिषद ने बुधवार को जीएसटी में व्यापक सुधारों की घोषणा की, जिसमें 28 प्रतिशत और 12 प्रतिशत के कर स्लैब को हटा दिया गया और केवल पांच प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो स्लैब रखे गए। लग्जरी वस्तुओं जैसे तंबाकू, पान मसाला को 40 प्रतिशत स्लैब में रखा गया है। काउंसिल की बैठक में लिए गए सभी फैसले 22 सितंबर से लागू होंगे।
आम आदमी को होगा जबरजस्त लाभ: निर्मला सीतारमण
बैठक के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "ये सुधार आम आदमी को ध्यान में रखकर किए गए हैं। आम आदमी के दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर लगने वाले हर कर की कड़ी समीक्षा की गई है और ज़्यादातर मामलों में दरों में भारी कमी आई है... श्रम प्रधान उद्योगों को अच्छा समर्थन दिया गया है। किसानों और कृषि क्षेत्र के साथ-साथ स्वास्थ्य क्षेत्र को भी लाभ होगा। अर्थव्यवस्था के प्रमुख चालकों को प्रमुखता दी जाएगी।"
