देश

ईडी के सामने पेश नहीं हुए गूगल और मेटा के अधिकारी, भेजा गया दूसरा समन, 28 जुलाई को अब होगी पेशी!

ईडी इस समय पूरे देश में फैले एक दर्जन से अधिक बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेटों की जांच कर रही है। एजेंसी के अनुसार, ये ऐप्स और वेबसाइटें भोलेभाले लोगों को लालच देकर उनकी मेहनत की कमाई ठग रही हैं और बड़े पैमाने पर कर चोरी व मनी लॉन्ड्रिंग में लिप्त हैं।

Image

ईडी के सामने पेश नहीं हुई गूगल और मेटा के अधिकारी (प्रतीकात्मक फोटो- PTI)

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दो दिग्गज कंपनियों — मेटा (फेसबुक की मूल कंपनी) और गूगल — के अधिकारियों को 28 जुलाई को पेश होने का नया समन जारी किया है। यह समन देशभर में फैलते अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामलों की जांच के सिलसिले में भेजा गया है।

समय मांगा, समन स्थगित किया गया

PTI के अनुसार सूत्रों ने बताया कि मेटा और गूगल दोनों के प्रतिनिधियों ने पहले 21 जुलाई को ईडी के समक्ष पेश होने के लिए समय मांगा था, ताकि वे आवश्यक दस्तावेज और जानकारी एकत्र कर सकें। ईडी ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए एक सप्ताह की मोहलत दी है, और अब उनसे 28 जुलाई को पेश होने की उम्मीद की जा रही है।

पीएमएलए के तहत दर्ज होंगे बयान

जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जब दोनों कंपनियों के अधिकारी पेश होंगे, तो उनके बयान ‘धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA)’ के तहत दर्ज किए जाएंगे। एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि आखिर कैसे अवैध सट्टेबाजी और जुए के मंचों ने इन सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके विज्ञापन प्रसारित किए। ईडी का मुख्य फोकस यह समझना है कि कैसे इन तकनीकी कंपनियों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, सर्च इंजन और ऐप स्टोर्स के माध्यम से अवैध सट्टेबाजी साइटों के विज्ञापन प्रसारित हुए। इन प्रचार अभियानों ने लाखों लोगों को आकर्षित किया और करोड़ों रुपये की कमाई के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका को जन्म दिया।

नामी हस्तियां भी जांच के दायरे में

ईडी की इस जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जानकारी के अनुसार, कुछ अभिनेता, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, मशहूर हस्तियां और खिलाड़ी भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इन हस्तियों को भी समन भेजा जा सकता है, क्योंकि उन्होंने इन मंचों का प्रचार किया था या उनके साथ साझेदारी की थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!