Goa Night Club Fire Accident: गोवा के अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स (सौरव लूथरा और गौरव लूथरा) को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों का वीजा कैंसिल करने के बाद अब थाईलैंड पुलिस औपचारिक प्रत्यर्पण की अगली कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, वीजा रद्द होने के बाद थाईलैंड पुलिस दोनों भाइयों को फुकेट से बैंकॉक ले जाएगी। वहां उन्हें थाई इमीग्रेशन के डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जहां प्रत्यर्पण से पहले जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होंगी।
लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से दिल्ली लाया जाएगा।(फोटो सोर्स: Saurabh Luthra Instagram)
कानूनी औपचारिकताओं के बाद सोमवार या मंगलवार तक दोनों को ‘इमरजेंसी सर्टिफिकेट’ जारी किए जाने की उम्मीद है। पासपोर्ट निलंबित होने के चलते इसी दस्तावेज के आधार पर उन्हें भारत की एकतरफा यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
बैंकॉक से दिल्ली फिर गोवा ले जाया जाएगा
सर्टिफिकेट जारी होने के बाद उनकी भारत वापसी की टिकटें बुक की जाएंगी। योजना के तहत दोनों को भारतीय अधिकारियों की निगरानी में बैंकॉक से दिल्ली और फिर दिल्ली से गोवा लाए जाने पर विचार किया जा रहा है। भारत पहुंचते ही दोनों की औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद 24 घंटे के भीतर उन्हें गोवा की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी हिरासत की मांग करेगी। दस्तावेज और उड़ान व्यवस्था पूरी होते ही लूथरा बंधुओं को मंगलवार या बुधवार तक गोवा लाया जा सकता है।
नाइटक्लब में 25 लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि नाइटक्लब में हुए अग्निकांड में 25 लोगों की जान जा चली गई, जबकि कई लोग जख्मी हुए। घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया। इस मामले में गोवा पुलिस ने क्लब के मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाईलैंड फरार हो गए थे दोनों भाई
अग्रनिकांड के बाद लूथरा ब्रदर्स देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा दोनों भाई हैं। मुंबई में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से संपर्क करने पर पता चला कि दोनों भाई 7 दिसंबर की सुबह 5.30 बजे, यानी घटना के तुरंत बाद, 6E 1073 फ्लाइट से फुकेत, थाईलैंड भाग गए।
