केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुबई (UAE) से वांछित भगोड़े ऋतिक बजाज को भारत वापस लाने में कामयाबी पाई है।यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और इंटरपोल के सहयोग से 23 दिसंबर 2025 को पूरी की गई।
भारत लाया गया इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट में शामिल भगोड़ा ऋतिक बजाज (फाइल फोटो:canva)
दिल्ली पुलिस को ऋतिक बजाज की लंबे समय से तलाश थी। उस पर नशीले पदार्थों की तस्करी और सप्लाई जैसे गंभीर आरोप हैं।
अपराध के बाद ऋतिक भारत से फरार हो गया था और जांच के दौरान उसकी लोकेशन दुबई में पाई गई।नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), नई दिल्ली की मदद से उसकी जियोलोकेशन ट्रेस की गई।CBI ने दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर 9 अक्टूबर 2025 को इंटरपोल के जरिए रितिक बजाज के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था।
इसके बाद CBI ने इंटरपोल के बैंकॉक और अबू धाबी स्थित नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) से लगातार समन्वय किया। इसी समन्वय के चलते आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई और आखिरकार उसे पकड़ने में सफलता मिली। ऋतिक बजाज को भारत लाने के लिए दिल्ली पुलिस की एक टीम दुबई गई थी। टीम उसे लेकर 23 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली पहुंची, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
