Gujarat Assembly Elections 2022: चुनाव आयोग (Election Commission) ने भले ही गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान अभी नहीं किया है, लेकिन अभी से ही राज्य में करीब-करीब सभी पार्टियों का चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। चुनाव प्रचार शुरू होने के साथ ही नेताओं के भी पाला बदलने का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला (Shankersinh Vaghela) के बेटे महेंद्र सिंह वाघेला (Mahendrasinh Vaghela) एक बार फिर से कांग्रेस (Congress) पार्टी में शामिल हो गए।
गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला के बेटे कांग्रेस में शामिल।
पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला के बेटे कांग्रेस में शामिल
Former Gujarat CM Shankersinh Vaghela's son Mahendrasinh Vaghela joins Congress. t.co/aUDJLQP4du
— ANI (@ANI) Oct 28, 2022
गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने महेंद्र सिंह वाघेला का पार्टी में स्वागत किया। महेंद्र सिंह वाघेला ने 2012 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में बयाद से गुजरात विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ दी थी।
उनके पिता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के साथ कांग्रेस के छह अन्य विधायकों ने भी राज्यसभा चुनाव के दौरान कथित तौर पर बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। साल 2018 में महेंद्र सिंह वाघेला पार्टी छोड़ने के तीन महीने बाद ही बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने अपने त्याग पत्र में कहा कि वह कुछ व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे रहे हैं।
मैं बीजेपी में कभी सहज नहीं रहा- महेंद्र सिंह वाघेला
कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद महेंद्र सिंह ने कहा कि मैं नफरत की राजनीति के खिलाफ लड़ना चाहता हूं। मैं बीजेपी में कभी सहज नहीं रहा। हालांकि मैं बीजेपी में शामिल हो गया था, लेकिन पिछले पांच सालों में मैंने कभी भी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लिया। अब मैं कांग्रेस में वापस आ गया हूं और पार्टी के लिए काम करूंगा। महेंद्र सिंह ने आगे कहा कि न तो पार्टी ने उनसे कोई वादा किया है और न ही उन्होंने कुछ मांगा है। उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह वह लेंगे।
