तमिलनाडु में हाल ही में विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Assembly Election 2026) हुआ था और चार मई को मतगणना हुई थी। अब चेन्नई पुलिस ने एक हैरान कर देने वाला मामला सामने लाया है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कुछ विदेशी नागरिकों ने भी अपना वोट डाला था। ऐसे कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है।
तमिल नाडु विधानसभा चुनाव के दौरान बूथ पर जाते हुए मतदान कर्मी (फोटो- ECI)
एयरपोर्ट पर ही पुलिस ने आरोपियों को धरा
चेन्नई पुलिस ने हाल ही में संपन्न तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में फर्जी तरीके से प्राप्त पहचान दस्तावेजों का उपयोग करके अवैध रूप से मत डालने के आरोप में चार महिलाओं समेत 10 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 अप्रैल को हुए चुनावों के बाद देश छोड़ने की कोशिश करते समय चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने इन व्यक्तियों को रोक लिया। हवाई अड्डे के अधिकारियों को इन विदेशी नागरिकों की तर्जनी उंगलियों पर अमिट स्याही देखकर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
जांच में क्या पता चला?
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जांच से पता चला है कि विदेशी नागरिकता होने और भारतीय नागरिक न होने के बावजूद, आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध रूप से मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में निवास किया था। आव्रजन अधिकारियों द्वारा ग्रेटर चेन्नई पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद, केंद्रीय अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस इकाइयों द्वारा सात से 14 मई के बीच मामले दर्ज किए गए। बयान में कहा गया है कि सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत में पेश किया गया।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को पछाड़ते हुए 108 सीट हासिल की। इस चुनाव में द्रमुक मात्र 59 सीट में ही जीत हासिल कर सकी। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने 47 सीट जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) को चार सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) को क्रमशः एक-एक सीट मिली। द्रमुक के सहयोगी दलों में से कांग्रेस ने पांच सीट जीतीं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और वीसीके ने दो-दो सीट जीतीं तथा डीएमडीके को राज्य की कुल 234 विधानसभा सीट में से एक सीट मिली।
