दुबई से हैदराबाद आ रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां एक यात्री ने एयर होस्टेस के साथ न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि नशे की हालत में फ्लाइट स्टाफ को परेशान भी किया। आरजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी केरल निवासी एक सॉफ्टवेयर कर्मचारी है। आरजीआई हवाईअड्डा पुलिस थाने के निरीक्षक कंकैया समपथी ने इस बारे में जानकारी दी।
सांकेतिक तस्वीर।
उन्होंने बताया कि केबिन क्रू ने अपनी शिकायत में बताया कि केरल निवासी यात्री ने शुक्रवार को उड़ान के दौरान एयरहोस्टेस को गलत तरीके से छुआ था, जब वह सेवाएं दे रही थी। इतना ही नहीं जब चालक दल ने इस बारे में आरोपी यात्री से बात की तब पाया गया कि वह शराब के नशे में था। हालात को देखते हुए चालक दल ने लैंडिंग से पहले ही यह जानकारी कप्तान और ग्राउंड स्टाफ को दे दी थी।
वहीं, लैंडिंग के बाद जब यात्री से पूछताछ की गई तब उसने दावा किया कि उसका पासपोर्ट सीट पर कहीं खो गया है। जब स्टाफ ने सीट की तलाशी ली, तो वहां उन्हें एक नोट मिला जिसमें केबिन स्टॉफ के लिए अश्लील टिप्पणियां लिखी गई थीं।
फिलहाल शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की मर्यादा भंग करने की नीयत से हमला), धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, पुलिस ने बताया कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
