Vice President Election Date: चुनाव आयोग ने भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की, इसके मुताबिक मतदान की तिथि (यदि आवश्यक हो)- 9 सितंबर, 2025 को होगा। वहीं नामांकन की अंतिम तिथि 21 अगस्त, 2025 है, नाम वापस लेने की तारीख 25 अगस्त है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव का परिणाम मतदान के दिन नौ सितंबर को ही घोषित कर दिया जाएगा।
भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा (फाइल फोटो: PTI)
चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी शुरू कर दी थी निर्वाचक मंडल की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। लोकसभा के 542 और राज्यसभा के 240 सदस्य शामिल हैं, राजग के पास दोनों सदनों में 422 सदस्यों का बहुमत है।
उपराष्ट्रपति पद निवर्तमान उपराष्ट्रपति धनखड़ द्वारा त्यागपत्र देने के कारण रिक्त
गौर हो कि उपराष्ट्रपति पद 22 जुलाई को निवर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा त्यागपत्र देने के कारण रिक्त हो गया था। उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है जिसमें राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य, मनोनीत सदस्य और लोकसभा के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। एक बयान में चुनाव आयोग ने कहा कि उसने 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की सूची को अंतिम रूप दे दिया है। चुनाव आयोग ने कहा कि निर्वाचक मंडल की सूची अधिसूचना की तारीख से चुनाव आयोग कार्यालय में स्थापित एक काउंटर पर खरीदने के लिए उपलब्ध होगी जिसकी घोषणा जल्द होने की संभावना है।
धनखड़ का चौंकाने वाला इस्तीफा
मानसून सत्र के पहले दिन (21 जुलाई) संसद का कामकाज सामान्य तौर पर चल रहा था तभी अचानक शाम को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेजा और कहा कि वह तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। बाद में उन्होंने इस्तीफा सार्वजनिक कर दिया।
