El Nino Effect: अल नीनो का प्रबल प्रभाव इस बार हिमालयी क्षेत्रों के मौसम का मिजाज बदल सकता है। सर्दियों में सामान्य से अधिक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। इसके चलते बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है। एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कई देशों को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस पूरे मामले पर आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर अंकित अग्रवाल ने भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
अल नीनो से हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ सकती है बाढ़।
'हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026' रिपोर्ट
काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र यानी आईसीआईएमओडी, बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी के वायुमंडलीय भौतिकी संस्थान ने संयुक्त रूप से 'हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026' रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के मुताबिक अल नीनो के प्रभाव से नेपाल, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि हिमालय की तलहटी में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का स्तर सामान्य से अधिक रह सकता है।
सामान्य से अधिक मोटी परत जम सकती है
रिपोर्ट में पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ क्षेत्रों में बर्फ की सामान्य से अधिक मोटी परत जम सकती है। वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने की संभावना है, जिससे जंगलों और घास के मैदानों में आग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है।
आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर अंकित अग्रवाल से बातचीत
उत्तराखंड के लिहाज से भी मौसम में होने वाला यह बदलाव अहम है। राज्य के पर्वतीय जिले पहले से ही भूस्खलन, बादल फटने और अतिवृष्टि जैसी आपदाओं के प्रति संवेदनशील हैं। ऐसे में यदि सर्दियों में बारिश और बर्फबारी का पैटर्न असामान्य रहता है तो पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन, सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसी विषय पर आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर अंकित अग्रवाल से बातचीत की गई। उन्होंने अल नीनो के संभावित प्रभाव और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम के बदलाव को लेकर अपनी विशेषज्ञ राय दी।
सर्दियों के मौसम में प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत
रिपोर्ट में बर्फ की परत को जल उपलब्धता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया गया है। बर्फ पिघलने से नदियों में पानी का प्रवाह बना रहता है। ऐसे में बर्फबारी के पैटर्न में बदलाव का असर सिंचाई, जलविद्युत परियोजनाओं और प्राकृतिक जलस्रोतों पर पड़ सकता है। वैज्ञानिकों ने सलाह दी है कि आपदा प्रबंधन की तैयारियां केवल मानसून तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सर्दियों के मौसम में भी प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल अल नीनो के संभावित प्रभाव को लेकर वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में आने वाली सर्दियों में हिमालयी क्षेत्रों का मौसम किस तरह करवट लेता है और उत्तराखंड पर इसका कितना असर पड़ता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
