कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) में भर्ती घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED ने आयोग के पूर्व चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहुकार, सदस्य बीवी गीता शिवमूर्ति, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक IAS ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार और बिचौलिए बसवराज कन्नाले के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में चार्जशीट दाखिल की है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सरकारी पद का दुरुपयोग कर भर्ती परीक्षा के पेपर और सही जवाब उम्मीदवारों तक पहुंचाए। इसके बदले उम्मीदवारों से करोड़ों रुपये की रिश्वत वसूली गई। ED के मुताबिक, इस पूरे मामले में करीब 8.17 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय का पता चला है।
ईडी ने की कार्रवाई।
ED के बेंगलुरु जोनल ऑफिस ने PMLA की धारा 44 और 45 के तहत बेंगलुरु की विशेष PMLA अदालत में यह अभियोजन शिकायत दाखिल की है। मामला 9 जनवरी 2026 को कर्नाटक सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य विभाग में 400 वेटरनरी ऑफिसर पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ियों से जुड़ा है। इस मामले में विधान सौधा पुलिस स्टेशन में दर्ज तीन FIR के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी।
परीक्षा से एक दिन पहले उम्मीदवारों को पहुंचाया पेपर
जांच में पता चला कि तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार ने परीक्षा के गोपनीय प्रश्नपत्रों की अंतिम ड्राफ्ट कॉपी से सवालों और उनके सही जवाबों की नकल की थी। इसके बाद उन्होंने पेन ड्राइव में यह जानकारी अपने करीबी बसवराज कन्नाले को दे दी। आरोप है कि गंगवार ने सबूत मिटाने के लिए उस डिवाइस को भी नष्ट कर दिया, जिसका इस्तेमाल प्रश्नपत्र कॉपी करने में किया गया था।बसवराज कन्नाले ने प्रश्नपत्रों के प्रिंट निकलवाए और बेंगलुरु के बाहरी इलाके में किराये पर लिए गए विला में उम्मीदवारों को परीक्षा से एक दिन पहले ये पेपर और जवाब दिए। ED के मुताबिक, उसने 10 उम्मीदवारों से कुल 3.20 करोड़ रुपये मांगे थे। इनमें से 1.52 करोड़ रुपये वसूल भी लिए गए। इस रकम में 92 लाख रुपये बैंक खातों के जरिए और 60 लाख रुपये नकद लिए गए। बाकी रकम की गारंटी के लिए उम्मीदवारों से खाली हस्ताक्षर किए हुए चेक और वचन पत्र भी लिए गए। बाद में पेन ड्राइव और प्रिंट किए गए प्रश्नपत्रों को नष्ट कर दिया गया।
KAS परीक्षा में ज्यादा नंबर दिलाने का भी खेल
जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ED के मुताबिक, तत्कालीन चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहुकार के कहने पर ज्ञानेंद्र गंगवार ने परीक्षा से ठीक पहले छह उम्मीदवारों की सही उत्तर कुंजी KPSC सदस्य बीवी गीता को उपलब्ध कराई थी। इसके बदले एक खास उम्मीदवार को KAS परीक्षा के इंटरव्यू में ज्यादा नंबर दिलाने का भरोसा दिया गया था।
इस मामले में शिवशंकरप्पा पर एक उम्मीदवार से 20 लाख रुपये तय करने के बाद 10 लाख रुपये नकद लेने का आरोप है। वहीं, बीवी गीता ने एक अन्य उम्मीदवार से 40 लाख रुपये मांगे थे, जिनमें से 20 लाख रुपये 8 जनवरी 2026 को अपनी कार में नकद लिए थे।
रिश्वत की रकम को बैंक खातों और संपत्तियों में खपाया
ED की जांच में सामने आया कि रिश्वत से मिली रकम को नकद के अलावा कई बैंक खातों के जरिए इधर-उधर किया गया। इसके लिए बीदर के भालकी स्थित ओम लक्ष्मी सौहार्द सहकारी संघ समेत कई अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। रकम को फर्जी बचत खातों में जमा कराकर बसवराज कन्नाले के अकाउंटेंट, उसकी फर्म भगवती एंटरप्राइजेज और उसके दोस्तों के खातों के जरिए आगे भेजा गया।
ED के मुताबिक, ज्ञानेंद्र गंगवार ने बसवराज कन्नाले से करीब 1.52 करोड़ रुपये नकद अपराध से अर्जित आय के रूप में हासिल किए। इस रकम में से 52.30 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने अपनी मंगेतर के नाम पर खरीदे गए। इसके अलावा 13.31 लाख रुपये हवाई यात्रा पर खर्च किए गए, जिसका भुगतान दूसरे लोगों के बैंक खातों के जरिए किया गया।
वहीं, बसवराज कन्नाले ने कई छोटे-छोटे कैश डिपॉजिट को कारोबारी कमाई दिखाकर बैंक खातों में जमा कराया। इसके बाद रकम को लोन के रूप में दिखाकर दूसरी जगह भेजा गया और जमीन-जायदाद खरीदने में लगाया गया। कुछ संपत्तियां उसके अपने नाम पर तो कुछ रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गईं।
पूर्व चेयरमैन के पास करोड़ों रुपये की नकदी का खुलासा
ED के मुताबिक, पूर्व चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहुकार के पास अगस्त से दिसंबर 2025 के बीच 3.99 करोड़ रुपये की नकदी होने का पता चला। आरोप है कि उन्होंने यह रकम एक रियल एस्टेट कारोबारी के पास अपने हिसाब-किताब से बाहर रखी थी। जांच में इससे पहले की अवधि में 8 से 10 करोड़ रुपये तक की नकदी भी इस तरह रखने की बात सामने आई है।ED का आरोप है कि शिवशंकरप्पा ने यह रकम अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अलग रखी थी। उन्होंने बीवी गीता और उनकी बेटी को भी पैसे ट्रांसफर किए। इसके अलावा शाहपुर के मदरकी में अपनी जमीन पर स्कूल, कन्वेंशन हॉल और रेस्टोरेंट बनाने की योजना थी। इसके लिए अपराध से अर्जित रकम का इस्तेमाल करने की तैयारी थी और एक दूसरे व्यक्ति को आगे रखकर यह काम कराया जाना था।
वहीं, KPSC सदस्य बीवी गीता पर अपनी और बेटी के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की रकम को असुरक्षित लोन के रूप में दिखाकर हासिल करने का आरोप है। यह रकम परिवार के सदस्यों और KPSC के एक अन्य सदस्य के परिवार के बैंक खातों के जरिए जमा कराई गई थी। ED के मुताबिक, इस लेन-देन के पीछे न तो कोई लोन एग्रीमेंट था और न ही कोई गारंटी या रकम लौटाने की व्यवस्था।
चारों आरोपियों की भूमिका और संपत्तियों का ब्योरा
ED की अभियोजन शिकायत के मुताबिक, आरोपियों के पास कुल करीब 8.17 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय का पता चला है। इसमें शिवशंकरप्पा साहुकार की भूमिका करीब 4.17 करोड़ रुपये, बीवी गीता की 1.48 करोड़ रुपये और ज्ञानेंद्र गंगवार व बसवराज कन्नाले की करीब 1.52-1.52 करोड़ रुपये बताई गई है।इससे पहले ED ने PMLA के तहत 37 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनमें KPSC का कार्यालय भी शामिल था। ED ने बसवराज कन्नाले को 17 सितंबर, ज्ञानेंद्र गंगवार को 18 सितंबर और शिवशंकरप्पा साहुकार व बीवी गीता को 6 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था। फिलहाल शिवशंकरप्पा, ज्ञानेंद्र गंगवार और बसवराज कन्नाले न्यायिक हिरासत में हैं। इसके अलावा 13 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत आरोपियों की 1.22 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की गई हैं। ED अब इस मामले में KPSC के दूसरे अधिकारियों और बिचौलियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। खास तौर पर 1:3 पात्रता सूची का गलत इस्तेमाल कर उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाने के मामले की पड़ताल जारी है।
