DUSU Polls Abhijeet Dipke CJP Money Power: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके ने हाल ही में संपन्न हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव परिणामों को लेकर बड़ा बयान दिया है। छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दीपके ने आरोप लगाया कि वर्तमान में चुनाव केवल और केवल धनबल के दम पर लड़े और जीते जा रहे हैं।
DUSU चुनाव में धनबल का खेल: दीपके बोले- 'करोड़ों की रोल्स रॉयस और BMW में होता है चुनाव प्रचार, छात्र संस्थानों से खो रहे भरोसा'
हाल ही में दिल्ली विश्वविद्यालय में एबीवीपी (ABVP) ने अध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव सहित केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई (NSUI) को करारी शिकस्त मिली है।
'करोड़ों की गाड़ियों में प्रचार', विश्वविद्यालयों के 'आरएसएस शाखा' बनने का दावा
अभिजीत दीपके ने डूसू चुनाव और विश्वविद्यालयों में बढ़ती राजनीतिक दखलअंदाजी पर तीखे हमले किए:
लग्जरी कारों से चुनाव प्रचार: दीपके ने कहा, 'चुनावों में केवल पैसा काम करता है और कुछ नहीं। जो लोग डीयू में प्रचार करने आते हैं, वे करोड़ों रुपये की रोल्स रॉयस (Rolls Royce), ऑडी (Audi) और बीएमडब्ल्यू (BMW) जैसी लग्जरी गाड़ियों में आते हैं। इससे साफ है कि वहां सिर्फ पैसा चलता है।'
विचारधारा थोपने का आरोप: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों का समर्थन करते हुए दीपके ने आरोप लगाया कि वर्धा स्थित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की वीसी कुमुद शर्मा संघ विचारधारा से आती हैं। उनके आने के बाद विरोध प्रदर्शन करने वाले केवल दलित और आदिवासी (जनजातीय) छात्रों पर 50 से अधिक FIR दर्ज की गई हैं, जबकि एबीवीपी के विरोध प्रदर्शनों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने इसे शैक्षणिक संस्थानों को 'आरएसएस की शाखा' बनाने का रोडमैप करार दिया।
MPSC अध्यक्ष का इस्तीफा, IIT बॉम्बे सुसाइड और आश्रम शालाओं की बदहाली पर उठाए सवाल
दीपके ने महाराष्ट्र की राज्य परीक्षाओं, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और जनजातीय आश्रम शालाओं की स्थिति पर भी सरकार को घेरा:
'भीमनवार राजीनामा द्या' अभियान: MPSC परीक्षार्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। जब तक वे इस्तीफा नहीं देते, छात्र पारदर्शिता पर भरोसा कैसे करें? CJP जल्द ही उनके खिलाफ ऑनलाइन अभियान शुरू करेगी।
IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला: परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने के बाद आईआईटी बॉम्बे के छात्र द्वारा आत्महत्या की घटना पर दीपके ने कहा कि इसे केवल नकल से जोड़कर सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े मंत्री भ्रष्टाचार में पकड़े जाने या उद्योगपति बैंक लूटकर भागने पर आत्महत्या नहीं करते। यहां छात्रों को सजा से ज्यादा मेंटल हेल्थ काउंसलिंग (मानसिक स्वास्थ्य परामर्श) की जरूरत है।
आश्रम शालाओं की स्थिति: विदर्भ के आदिवासी आवासीय (आश्रम) स्कूलों के दौरे का जिक्र करते हुए दीपके ने कहा कि गढ़चिरौली में सांप के काटने से 3 बच्चों की मौत के बावजूद छात्रों को सोने के लिए बेड नहीं दिए जा रहे। लड़कियों को खुले में नहाना पड़ रहा है और शौचालयों में छत व दरवाजे तक नहीं हैं।
चुनाव आयोग पर भी कसा तंज
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिन्ह को फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले पर चुटकी लेते हुए दीपके ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हो जाना चाहिए और सभी विपक्षी दलों को भंग करके उनके प्रतीक चिन्हों को फ्रीज कर देना चाहिए, ताकि एक ही पार्टी चुनाव लड़े और वही जीते।
