देश

'सियावर राम चंद्र की जय...', पीएम मोदी ने राम लीला मैदान से देशवासियों को ऐसे दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 24, 2023, 06:37 PM IST

Dussehra 2023 : राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 के राम लीला मैदान से पीएम मोदी ने देशवासियों को 'विजयादशमी' की शुभकामनाएं दी। दशहरा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'रावण दहन' समारोह में शामिल होने के कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो मंच पर उनका भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने संबोधन की शुरुआत 'सियावर राम चंद्र की जय...' के नारे से की।

Image

विजयादशमी के मौके पर रावण दहन समारोह में पीएम मोदी।

Dussehra News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर 10 के राम लीला मैदान में 'विजयादशमी' के अवसर पर रावण के पुतला दहन में शामिल हुए। पीएम शाम 5:30 बजे राम लीला मैदान पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम में पूजन और आरती की। वहां मौजूद पुजारी ने प्रधानमंत्री के हाथ में मंत्रोच्चारण के साथ कलावा बांधा।

रामलीला मैदान में गूंजा, 'सियावर राम चंद्र की जय...'

दशहरा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'रावण दहन' समारोह में शामिल होने के लिए द्वारका सेक्टर-10 राम लीला पहुंचे तो मंच पर उनका भव्य स्वागत हुआ। माला पहनाकर कार्यक्रम के आयोजकों ने पीएम मोदी का सम्मान किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत 'सियावर राम चंद्र की जय...' के नारे के साथ की। उन्होंने कहा कि 'मैं समस्त भारतवासियों को शक्ति उपासना पर्व नवरात्रि और विजय पर्व विजयादशमी की अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं। विजयादशमी का ये पर्व, अन्याय पर न्याय की विजय, अहंकार पर विनम्रता की विजय और आवेश पर धैर्य की विजय का पर्व है।'

रामलीला मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले

इससे पहले भाजपा सांसद वर्मा ने कहा था कि "हमें बहुत खुशी है कि पीएम यहां आ रहे हैं। पिछली बार वह 2019 में आए थे और इस बार उन्होंने हमारा निमंत्रण स्वीकार कर लिया। इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। लोग यहां दूर-दूर से आए हैं।" इस मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले लगाए गए थे। पूरा देश मंगलवार को 'विजयादशमी' या 'दशहरा' के जश्न में डूबा हुआ है, इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

क्यों और कब बनाया जाता है दशहरा का त्योहार?

विजयादशमी हर साल अश्विन मास की दशमी तिथि को मनाई जाती है। दशहरा को विजयादशमी के नाम से भी जानते हैं। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था और इसी मान्यता के साथ रावण के पुतले जलाने की संस्कृति शुरू हुई। 'विजयादशमी' नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि उत्सव के समापन का भी प्रतीक है। यह त्योहार आमतौर पर ग्रेगोरियन कैलेंडर के सितंबर और अक्टूबर महीने में आता है। इस त्यौहार से दिवाली की तैयारी भी शुरू हो जाती है, जो विजयादशमी के बीस दिन बाद मनाई जाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "देशभर के मेरे परिवारजनों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व नकारात्मक शक्तियों के अंत के साथ ही जीवन में अच्छाई को अपनाने का संदेश लेकर आता है।"

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article