पिछले डेढ़ दशकों में कांग्रेस पार्टी की कई अहम रणनीतिक बैठकों का गवाह रहे वॉर रूम का पता अब 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड नहीं रहेगा। कांग्रेस पार्टी का ये वॉर रूम 2008 से ही यहां चल रहा था। चुनाव से पहले पार्टी की स्क्रीनिंग कमिटी से लेकर बाकी तमाम महत्त्वपूर्ण मीटिंग इसी दफ्तर में हुआ करती थी। लेकिन राज्यसभा सचिवालय द्वारा इसी खाली करने के नोटिस के बाद नई जगह की तलाश शुरू हो गई है। दरअसल यह सरकारी बंगला कांग्रेस पार्टी के पश्चिम बंगाल के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप भट्टाचार्य के नाम पर अलॉट हुआ था। लेकिन प्रदीप भट्टाचार्य का राज्य सभा कार्यकाल 18 अगस्त 2023 को खत्म होने के बाद उन्हें यह बंगला खाली करने का नोटिस राज्य सभा की हाउसिंग कमिटी ने भेज दिया।
कांग्रेस ने शुरू की नए वार रूम की तलाश
नहीं मिला किसी कांग्रेसी सांसद का साथ
प्रदीप भट्टाचार्य ने राज्यसभा की हाउसिंग कमिटी को एक्सटेंशन देने के लिए चिट्ठी भी लिखी लेकिन उन्हें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला। हालांकि कांग्रेस पार्टी के सभी राज्यसभा सांसदों को भी इस बारे में मालूम था लेकिन कोई भी कांग्रेस इसके लिए सामने नहीं आया जिसके नाम पर पार्टी इस बंगले का आवंटन करा सके। ऐसे में नोटिस मिलने के बाद कांग्रेस पार्टी जल्द ही यह बंगला खाली कर दिल्ली में ही किसी नई जगह पर अपने वॉर रूम को बनाएगी।
कभी बॉलीवुड अभिनेत्री रेखा को मिला था ये बंगला
कांग्रेस के नेता प्रदीप भट्टाचार्य से पहले यह बंगला बॉलीवुड की जानी मानी अदाकारा रही रेखा को अलॉट हुआ था। उससे पहले यह बंगला दक्षिण भारत के एक सांसद के नाम पर अलॉट हुआ था। इसके बाद ये कोठी अभिषेक मनु सिंघवी समेत जिन भी कांग्रेसी नेताओं के नाम अलॉट हुई वो सभी सांसद इस बंगले में कभी नहीं रहे। 15 GRG का इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी के कामकाज के लिए ही किया गया। सूत्रों के मुताबिक इस बंगले को हरियाणा से निर्दलीय राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा को अलॉट किया गया है।
कांग्रेस के नए दफ्तर में भी बन सकता है वॉर रूम
कांग्रेस अपना नया और स्थायी वॉर रूम कहा बनाएगी इसको लेकर अभी कोई फैसला नही लिया जा सका है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक पार्टी के नए बन रहे दफ्तर में में भी शिफ्ट किया जा सकता है। कांग्रेस का नया मुख्यालय 9 कोटला रोड पर बन रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मदिन 19 नवंबर के दिन कांग्रेस के नई राष्ट्रीय कार्यालय का उद्घाटन हो सकता है। लुटियन जोन में मौजूद कांग्रेस का वॉर रूम अब यहां नहीं होगा ऐसे में पार्टी ने फैसला किया है कि वो नियमों का पालन करते हुए 15 GRG को खाली कर देगी। हालांकि अगर नए दफ्तर का काम पूरा नहीं हो सका तो एक महीने का सरकारी किराया देकर उसके बाद शिफ्ट कर दिया जाएगा।
