
Delhi Rain and Flood: यमुना का जलस्तर हो रहा कम- बोले CM, पर पनपी ये समस्याएं; PM ने LG से लिया अपडेट
Delhi Rain and Flood: देश की राजधानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में शनिवार (15 जुलाई, 2023) शाम फिर भारी बारिश हो गई, जिससे जलभराव और यातायात जाम की समस्या देखने को मिली। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि कहां-कहां ट्रैफिक प्रभावित हुआ। हालांकि, सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि यमुना नदी का जलस्तर कम हो रहा है। हालांकि, शनिवार रात तक भी कई इलाकों में जलभराव की समस्या रही और वहां पर इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका है। इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी फ्रांस-यूएई की तीन दिवसीय यात्रा से जब लौटे तो उन्होंने फोन पर दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना से बाढ़ पर ताजा अपडेट लिया। दरअसल, शहर के कई हिस्से पहले से ही पिछले कुछ दिनों से बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना का पानी बाहर आ जाने के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली अप्रत्याशित बाढ़ जूझ रही है। इस बीच, मौसम कार्यालय ने रविवार को आसमान में बादल छाये रहने तथा मध्यम वर्षा होने और गरज के साथ बौछारे पड़ने का अनुमान व्यक्त किया है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस आसपास रह सकता है। शनिवार की वर्षा से यमुना में जलस्तर बढ़ने की संभावना है जो पहले ही पिछले कई दिनों से खतरे के निशान 205.33मीटर से ऊपर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, शनिवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर घटकर 207.62 मीटर पर आ गया, जो गुरुवार रात आठ बजे अपने चरम 208.66 मीटर पर था।