Captain Anshuman Singh: उत्तर प्रदेश के देवरिया के शहीद कैप्टन अंशुमन सिंह को उनकी वीरता और शहादत के लिए कुछ दिनों पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। वहीं कैप्टन अंशुमन सिंह की पत्नी को लेकर सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति ने अभद्र टिप्पणी की जिसके खिलाफ अब राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने दिल्ली पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा था। बता दें, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट ने कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन अंशुमान सिंह की विधवा पर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में एफआईआर दर्ज की है। एनसीडब्ल्यू ने हाल ही में मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है और दिल्ली पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। स्मृति सिंह ने 5 जुलाई को अपने दिवंगत पति कैप्टन अंशुमान सिंह को मरणोपरांत प्रदान किया गया कीर्ति चक्र प्राप्त किया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्मृति सिंह के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी करने वाले शख्स पर दर्ज की FIR
बता दें, एक यूजर ने खुद को अहमद के बताते हुए एक भद्दी टिप्पणी की। उसकी पहचान की पुष्टि की जा रही है। यह टिप्पणी राष्ट्रपति भवन में स्मृति द्वारा पुरस्कार प्राप्त करने की तस्वीर पर की गई थी। इसके जवाब में, राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया और इसके लिए पुलिस कार्रवाई की मांग की। सूत्रों का कहना है कि बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 का उल्लंघन है।
