Delhi NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सभी जगहों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में मंगलवार को भी घना कोहरा छाया रहा इससे दिल्ली में सुबह के वक्त दृश्यता मात्र 50 मीटर रह गई थी वहीं पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिन तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है
घने कोहरे की वजह से बुधवार सुबह दिल्ली में दृश्यता काफी कम हो गई।
दिल्ली पर घने कोहरे की परत
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घने कोहरे की परत देखी गई। घने कोहरे की वजह से कई शहरों में दृश्यता काफी कम हो गई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान और नीचे आएगा। सफदरजंग स्थित ऑब्जरवेटरी ने मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। यह सामान्य दो डिग्री कम था। जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Visibility reduces as a thick layer of fog grips Delhi; Visuals from Yamuna Bank and Akshardham t.co/2NjFB940rf
— ANI (@ANI) Dec 21, 2022
विमान एवं रेल सेवा प्रभावित
घने कोहरे का असर रेल एवं विमान सेवाओं पर पड़ा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने विमान यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। उसने यात्रियों से अपनी यात्रा से जुड़ी ताजा जानकारी पाने के लिए संबंधित विमान कंपनियों से संपर्क करने के लिए कहा। दिल्ली एयरपोर्ट ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि चंडीगढ़ में खराब मौसम के चलते विमानों को डायवर्ट किया जा रहा है या उन्हें वापस दिल्ली लाया जा रहा है। घने कोहरे की वजह से करीब 20 ट्रेनें देरी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर देरी से पहुंचीं। कोहरे की वजह से गाजियाबाद में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। यहां 21 दिसंबर से एक से 12वीं तक के स्कूल सुबह 9 बजे खुलेंगे।
कार की लाइट जलाकर आगे बढ़ रहे लोग
राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। दिल्ली की सड़कों पर दृश्यता कम है। साथ ही न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें भी गिरावट दर्ज की गई है। कोहरा ज्यादा होने की वजह से सुबह-सुबह लोग अपने गाड़ियों के हेड लाइट जलाकर सड़कों पर सावधानी से चलते नजर आए।
