देश

Delhi liquor scam: मनीष सिसोदिया नहीं उगल रहे हैं राज, 6 मार्च तक बढ़ी CBI रिमांड

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Mar 4, 2023, 04:11 PM IST

Delhi liquor scam: शराब घोटाले मामले दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) की CBI रिमांड बढ़ा दी गई है क्योंकि वे रोज 9 से 10 घंटे पूछताछ के बाद भी वो बात नहीं बता रहे हैं जो सीबीआई जानना चाहती है।

Delhi liquor scam: शराब घोटाले मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) की CBI रिमांड 6 मार्च तक बढ़ा दी है। दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि वे मुझे 9-10 घंटे तक पूछताछ के लिए बिठा रहे हैं और मुझसे एक ही सवाल बार-बार पूछ रहे हैं। यह मानसिक प्रताड़ना से कम नहीं है। उधर दिल्ली कोर्ट ने गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 10 मार्च की तारीख तय की है। साथ ही सिसोदिया की जमानत याचिका पर कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी किया।

सिसोदिया की छह मार्च को कोर्ट में होगी पेशी

स्पेशल जज एम के नागपाल ने सीबीआई को सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता सिसोदिया को कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया। सीबीआई ने सिसोदिया को पहले दी गई तीन दिन की रिमांड की अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश करने के बाद उनकी और तीन दिन की हिरासत मांगी थी। सिसोदिया के वकील ने CBI की याचिका का विरोध किया और कहा कि जांच पूरी करने में एजेंसी की अक्षमता रिमांड के लिए आधार नहीं हो सकती है और उन्हें खुद को दोषी ठहराने के लिए नहीं कहा जा सकता है।

बार-बार एक ही सवाल से सिसोदिया परेशान

सिसोदिया ने कहा कि असहयोग हिरासत का आधार नहीं हो सकता और रिमांड के लिए सीबीआई की याचिका का विरोध किया। आदेश सुनाए जाने के बाद सिसोदिया ने कोर्ट से कहा कि हालांकि CBI हिरासत में उनके साथ अच्छा व्यवहार कर रही है, लेकिन बार-बार एक ही सवाल करने से मानसिक प्रताड़ना हो रही है। इसके बाद कोर्ट ने सीबीआई से कहा कि वह उनसे बार-बार वही सवाल न पूछे।

सिसोदिया को सिर्फ परेशान करने के लिए हो रही है पूछताछ

आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सीबीआई को सबूत और सच्चाई से कोई लेना देना नहीं है। वे केवल वही सुन रहे हैं जो केंद्र सरकार कह रही है। यह पूरी प्रक्रिया मनीष सिसोदिया को परेशान करने के लिए है।

सिसोदिया के पास सिर्फ 10 हजार रुपए मिले फिर भी गिरफ्तार कर लिया-केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कर्नाटक में कहा कि मंत्री के बेटे के पास 8 करोड़ रुपए मिले लेकिन मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास पैसे नहीं थे। उनका कहना है कि मनीष सिसोदिया भ्रष्ट हैं लेकिन छापेमारी में उनके पास से केवल 10 हजार रुपए बरामद हुए हैं। सिसोदिया के बैंक लॉकर में भी कुछ नहीं मिला।

राउज एवेन्यू कोर्ट परिसर के भीतर और बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था थी। आप समर्थकों ने परिसर के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। सीबीआई ने रविवार शाम सिसोदिया को 2021-22 के लिए अब रद्द की जा चुकी शराब नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में गिरफ्तार किया।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article