Delhi liquor Policy: दिल्ली शराब नीति घोटाले में सीबीआई (CBI) ने तेलंगाना सीएम (Telangana CM) केसीआर की बेटी को पूछताछ के लिए समन भेजा है। इसे लेकर अब राजनीति भी तेज होती दिख रही है। इस मामले में घिरी आप पहले ही केंद्र पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगती रही है, अब इस मामले में तेलंगाना की सत्ताधारी पार्टी की नेता भी सीबीआई के निशाने पर आ गई है।
शराब घोटाले में केसीआर की बेटी से होगी पूछताछ
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शुक्रवार को दिल्ली शराब नीति मामले में तेलंगाना विधान परिषद सदस्य (MLC) और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता कल्वाकुंतला को नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी ने उन्हें 6 दिसंबर को मामले पर पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए कहा है। नोटिस में कहा गया है कि मामले की जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता का संबंध हो सकता है। इसलिए जांच के हित में इन तथ्यों को लेकर पूछताछ आवश्यक है।
इस नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए, कल्वाकुंतला ने कहा- "मुझे दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 160 के तहत एक सीबीआई ने नोटिस जारी किया गया है, जिसमें मेरा स्पष्टीकरण मांगा गया है। मैंने अधिकारियों को सूचित किया है कि मैं उनके अनुरोध के अनुसार 6 दिसंबर को हैदराबाद में निवास पर उनसे मिल सकती हूं।"
इससे पहले गुरुवार को एमएलसी कविता ने कहा था कि वह और उनकी पार्टी के नेता जो फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय एजेंसियों के राडार पर हैं, किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्हें और अन्य नेताओं को कैद करने की चुनौती भी दी। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि भाजपा ने लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई आठ राज्य सरकारों को उखाड़ फेंका और पिछले दरवाजे से सत्ता हासिल कर ली।
