'मछली खाने का वीडियो दिखाएं, मैं इस्तीफा दे दूंगा'; यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सीएम योगी के दावे पर मांगा सबूत

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कांग्रेस की ओर से निषाद समुदाय के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं। ऐसे में अयोध्या के इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।

पवित्र सावन माह में अयोध्या में मछली भोज को लेकर यूपी में नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। यहां एक निषाद समुदाय के कार्यक्रम में मछली पकाए जाने को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। इस कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्होंने यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का भी नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने वहां मछली भोज में हिस्सा लिया है। वहीं, सीएम योगी के इस आरोप पर अब अजय राय ने पलटवार करते हुए सबूत पेश करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अगर उनका मछली खाते हुए या उस जगह मौजूद होने का फोटो या वीडियो सामने आ जाता है तो वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे और माफी भी मांगेंगे।

मछली भोज पर गरमाई सियासत।

मछली भोज पर गरमाई सियासत। (फोटो- AI)

अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनके खिलाफ लगाए गए आरोप का कोई सबूत नहीं है तो मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप कोई फोटो या वीडियो दिखा दीजिए, जिसमें मैं मछली खाता हुआ या जहां मछली पक रही थी, वहां मौजूद दिखाई दूं। अगर यह साबित हो जाता है तो मैं माफी मांगूंगा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दूंगा।

End of Feed