कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी से कहा-'छुई-मुई' मत बनिए, आलोचना को सहन करना सीखें

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 3, 2022, 10:35 PM IST

गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित तौर पर उन्हें गाली दिये जाने का मुद्दा उठाया। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि वह प्रधानमंत्री हैं और हम सभी उनका सम्मान करते हैं। लेकिन उन्हें भी अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। क्या आपकी जवाबदेही तय नहीं होगी? आपकी 10 गुणा आलोचना की जाएगी, आपसे 10 सवाल पूछे जाएंगे।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें ‘अपशब्द’ कहे जाने का मुद्दा उठाने पर कांग्रेस ने शनिवार को उन उदाहरणों का हवाला दिया, जब प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधते हुए अशोभनीय टिप्पणी की थी। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री को ‘छुई-मुई’ नहीं बनना चाहिए, बल्कि आलोचना को सहन करना चाहिए। विपक्षी दल ने यह टिप्पणी ऐसे वक्त की है, जब गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री ने कई बार कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित तौर पर उन्हें गाली दिये जाने का मुद्दा उठाया। मोदी ने शुक्रवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस केवल दो चीजें जानती है, मतदाताओं को खुश करने के लिए चुनाव से पहले मोदी को गाली देना और फिर मतदान के बाद ईवीएम को दोष देना। उन्होंने गुरुवार को एक अन्य रैली में कहा था कि कांग्रेस नेताओं में इस बात की होड़ है कि उनके खिलाफ सबसे ज्यादा अपशब्दों का इस्तेमाल कौन करेगा।

Narendra Modi

पीएम मोदी पर कांग्रेस ने निशाना साधा

आप प्रधानमंत्री हैं, आपकी 10 गुणा आलोचना की जाएगी, आपसे 10 सवाल पूछे जाएंगे

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने यहां संवाददाता सम्मेलन में इस मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह प्रधानमंत्री हैं और हम सभी उनका सम्मान करते हैं लेकिन उन्हें भी अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। श्रीनेत ने कहा कि मैं आपसे पूछना चाहती हूं, वह छुई-मुई क्यों बन जाते हैं? आप देश के प्रधानमंत्री हैं, आपकी 10 गुणा आलोचना की जाएगी, आपसे 10 सवाल पूछे जाएंगे। यदि आपको देश ने चुना है और इतने ऊंचे पद पर बिठाया है, तो क्या आपकी जवाबदेही तय नहीं होगी? उन्होंने कहा कि अगर कोई सवाल पूछता है तो कहा जाता है कि आप प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं। आप कब तक अपने नासमझ प्रवक्ताओं के पीछे छिपेंगे।

End of Feed