LIVE
Congress President Election Result 2022 Highlights : कांग्रेस को मिला नया अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे के हाथों में अब कांग्रेस की कमान
Congress President Election Result 2022 Today Highlights: कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीत लिया है। चुनाव में खड़गे को 7897 वोट और शशि थरूर को 1072 वोट मिले। शशि थरूर ने अपने ट्वीट में कहा कि खड़गे का अध्यक्ष बनना सम्मान की बात है। 24 साल के इतिहास में पहली बार कांग्रेस को नेहरू-गांधी परिवार से अलग अध्यक्ष मिला है। इस पद के लिए गत सोमवार को मतदान हुआ। इस चुनाव में मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच हुआ। 2019 के लोकसभा में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
OCT 19, 2022 14:01 IST
थरूर ने अपनी हार स्वीकारी
शशि थरूर ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। इस चुनाव में कल 9385 वोट पड़े जबकि 416 वोट अमान्य घोषित हुए। खड़गे की जीत की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। साल 2000 के कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सोनिया गांधी को 7448 और जितेंद्र प्रसाद को 94 वोट मिले थे।
OCT 19, 2022 13:47 IST
कांग्रेस को मिला नया अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे चुनाव जीते
कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीत लिया है। चुनाव में खड़गे को 7897 वोट और शशि थरूर को 1072 वोट मिले। शशि थरूर ने अपने ट्वीट में कहा कि खड़गे का अध्यक्ष बनना सम्मान की बात है।
OCT 19, 2022 12:19 IST
OCT 19, 2022 11:25 IST
हम मिस्त्री के कार्यालय से संपर्क में रहे-सोज
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव की वोटों की गिनती दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर जारी है। इस बीच, इस बीच शशि थरूर के एजेंट सलमान सोज ने कहा कि हम मधुसूदन मिस्त्री के कार्यालय के साथ लगातार संपर्क में रहे। हमने उन्हें कई अलग-अलग मुद्दों के बारे में सूचित किया। अभी हम इसके बारे में साफ-साफ तौर पर नहीं बता सकते।
OCT 19, 2022 10:34 IST
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सभी पक्ष के एजेंट कांग्रेस मख्यालय स्थित मतगणना स्थल पर मौजूद हैं। पार्टी मुख्यालय में मधुसूदन मिस्त्री, गौरव गोगोई सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
OCT 19, 2022 10:03 IST
OCT 19, 2022 09:42 IST
नामांकन से पहले उभरे कई नाम
कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन के अंतिम सयम तक कई नाम सामने आए। सबसे पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत का नाम सामने आया। फिर दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह पर्चा भरेंगे लेकिन बाद में दोनों नेताओं ने नामांकन दाखिल नहीं किया। दोनों ने अपनी वजहें बताईं।
OCT 19, 2022 09:17 IST
खड़गे की दावेदारी मजबूत
कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बताया था कि करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि पूरे आंकड़े आने के बाद इसमें कुछ बदलाव हो सकता है। गांधी परिवार से करीबी और कई वरिष्ठ नेताओं के समर्थन के चलते खड़गे की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
OCT 19, 2022 08:42 IST
137 साल के इतिहास में छठी बार चुनाव
कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस चुनाव से 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे।
OCT 19, 2022 08:17 IST
नए अध्यक्ष के सामने कई चुनौती
खड़गे एवं थरूर में से एक को कांग्रेस का अगला अध्यक्ष बनना तय है। इनमें से जो भी अध्यक्ष बनेगा उसके लिए आगे की राह आसान नहीं होगी। नए अध्यक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती हिमाचल प्रदेश एवं गुजरात में पार्टी को सत्ता में लाने की होगी। इन दोनों ही राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश का बिगुल बज गया है। दोनों जगहों पर कांग्रेस सत्ता से बाहर है।
OCT 19, 2022 07:50 IST
थरूर ने अपनी हार का संकेत दिया
चुनाव परिणाम आन से पहले शशि थरूर ने एक तरह से अपनी हार मान ली है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में कहा कि कुछ चुनाव जीतने के लिए नहीं लड़े जाते बल्कि इसलिए लड़े जाते हैं कि इतिहास को यह न लगे कि वर्तमान मूक नहीं था।
OCT 19, 2022 07:18 IST
OCT 19, 2022 06:49 IST
आठ टेबल पर होगी वोटों की गिनती
सूत्रों का कहना है कि दोनों उम्मीदवारों की तरफ से पांच एजेंट वोटों की गिनती देखेंगे और दो एजेंट रिजर्व में रखे जाएंगे। मतों की गिनती होने के बाद केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष नतीजे की घोषणा करेंगे। अध्यक्ष पद के चुनाव में 9,500 से ज्यादा निर्वाचक मंडल के सदस्यों ने वोट डाला। सूत्रों का कहना है कि सात से आठ टेबल पर वोटों की गिनती होगी और प्रत्येक टेबल पर दो लोग होंगे।
OCT 19, 2022 06:49 IST
दिवाली के बाद होगी नए अध्यक्ष की ताजपोशी
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि नए अध्यक्ष की ताजपोशी दिवाली के बाद होगी। इसके लिए कांग्रेस मुख्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। हालांकि, अध्यक्ष पद के विजेता को प्रमाणपत्र बुधवार को दिया जाएगा या इसके बाद में, भी यह साफ नहीं है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को दिल्ली में जबकि राहुल गांधी अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' पर होंगे।
OCT 19, 2022 06:48 IST
68 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ
कांग्रेस के करीब 9900 डेलीगेट पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान करने के पात्र थे। कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ।कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है।
OCT 19, 2022 06:48 IST
पार्टी के ‘मूल्यों’ में कोई बदलाव नहीं होगा-थरूर
थरूर ने निर्वाचकों से ‘बदलाव अपनाने’ का साहस दिखाने का आह्वान करते हुए रविवार को कहा था कि वह जिन बदलावों के बारे में सोच रहे हैं, उनमें पार्टी के ‘मूल्यों’ में कोई बदलाव नहीं होगा और केवल लक्ष्य पाने के तरीकों में परिवर्तन आएगा।
OCT 19, 2022 06:48 IST
गांधी परिवार से सलाह लेने में संकोच नहीं-खड़गे
वहीं, खड़गे ने रविवार को कहा था कि अगर वह अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें पार्टी के मामलों में गांधी परिवार की सलाह और सहयोग लेने में कोई झिझक नहीं होगी, क्योंकि उस परिवार ने काफी संघर्ष किया है और पार्टी के विकास में बड़ा योगदान दिया है।
