भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की सुगबुगाहट से कांग्रेस नेताओं में जोश, कहा- तैयार हैं हम

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 27, 2023, 02:00 PM IST

इस यात्रा के दूसरे चरण के शुरू होने की संभावना के बीच कांग्रेस नेताओं खासकर उन नेताओं में उत्साह नजर आ रहा है जहां से यात्रा नहीं गुजरी थी या फिर आंशिक रूप से गुजरी थी।

कांग्रेस की ओर से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दूसरे चरण का साफ स्पष्ट संकेत मिलने के बाद पार्टी नेताओं में खासा उत्साह है और कई नेताओं का कहना है कि वे अपने नेता राहुल गांधी के साथ फिर से पदयात्रा पर निकलने के लिए तैयार हैं और उन्हें पार्टी के आदेश का इंतजार है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन के आखिरी दिन रविवार को यात्रा के दूसरे चरण का साफ संकेत देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘तपस्या’ को आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम तैयार करें और इसमें सभी लोग शामिल होने के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा को बार-बार तपस्या बोलते रहे हैं।

congress

भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की संभावना

राहुल गांधी की इस टिप्पणी के कुछ देर बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट से गुजरात के पोरबंदर के बीच यात्रा निकालने के बारे में विचार कर रही है। उनका यह कहना भी था कि यात्रा के दूसरे चरण की संभावना को लेकर कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है। भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल कन्याकुमारी में सात सितंबर से शुरू हुई थी और करीब 4000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 30 जनवरी को श्रीनगर में पूरी हुई थी। इसमें राहुल गांधी समेत करीब 200 नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

End of Feed