Indore Water Contamination Deaths: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी पीने के कारण 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के मामले पर कहा,"इंदौर ने भाजपा को लगातार सांसद दिया और लगातार विधायक दिए लेकिन उन्होंने इंदौर को पानी में जहर दिया।
इंदौर दूषित पानी मामले पर जातू पटवारी ने बीजेपी पर साधा निशाना।(फोटो सोर्स: ANI)
उन्होंने आगे कहा कि सवाल उठता है कि 13 मौतें हो गईं और मुख्यमंत्री यह बोलते हैं कि 4 मौतें हुई हैं। मौतों के आकड़े को छिपाना, क्या यह मुख्यमंत्री का दायित्व था? हमने एक कमेटी गठित की है, इसकी पूरी जांच हो रही है। हम मांग करते हैं कि मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। मुख्यमंत्री उन लोगों को सजा दें, जिनके कारण यह घटना घटी"
बता दें कि भागीरथपुरा, राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र 'इंदौर-1' में आता है।
कैलाश विजयवर्गीय ने क्या कहा?
विजयवर्गीय ने संवाददाताओं को बताया कि उल्टी-दस्त के प्रकोप से भागीरथपुरा में 1,400 से 1,500 लोग प्रभावित हुए जिनमें से लगभग 200 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि इन मरीजों की हालत खतरे से बाहर है और स्वस्थ होने पर लोगों को अस्पताल से लगातार छुट्टी दी जा रही है।
विजयवर्गीय ने उल्टी-दस्त के प्रकोप से मरे लोगों के आंकड़े को लेकर जारी विरोधाभास पर कहा,"मुझे प्रशासन के अधिकारियों ने इस प्रकोप से चार लोगों की मौत की जानकारी दी है, पर यहां (भागीरथपुरा में) आठ-नौ लोगों की मौत की सूचना है। हम इस सूचना की तसदीक कर लेंगे और इसके सही पाए जाने पर संबंधित मृतकों के परिवारों के मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा के अनुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी।"
