असमंजस में हैं या फिर कोई 'बेहद खतरनाक' योजना बना रहे हैं- संसद सत्र को लेकर सरकार पर भड़की कांग्रेस

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में हो रही देरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने संसद के आगामी सत्र में हो रही देरी को लेकर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे एक खतरनाक मंसूबा बताते हुए कहा है कि अब तक शीतकालीन सत्र की घोषणा हो जानी चाहिए थी। अभी तक पिछले सत्र का भी सत्रावासन नहीं हुआ है। ऐसे में सरकार करना क्या चाह रही है? संसद के मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को दोनों सदनों की बैठकें अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थीं, लेकिन सत्र का अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है।

कांग्रेस ने पीएम मोदी मोदी और अमित शाह पर बोला हमला

कांग्रेस ने संसद के आगामी सत्र की तारीखों की घोषणा में विलंब और परिसीमन के मुद्दे पर सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी या तो असमंजस में है या फिर कोई ’’बेहद खतरनाक’’ योजना बना रही है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब शुरू होगा। उन्होंने कहा, ’’प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी आखिर क्या खेल खेल रही है, बशर्ते कि यह जोड़ी अब भी साथ है?’’

End of Feed