देश कह रहा है भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण 'भारत छोड़ो', बोले प्रधानमंत्री मोदी

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 7, 2023, 02:35 PM IST

पीएम मोदी ने कहा कि देश आज विकासित भारत के लक्ष्य को हासिल करने और ‘अमृत काल’ के प्रस्तावों को साकार करने की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कुछ लोग भारत को एक विकसित देश बनाने की राह में बाधाएं डालने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि जनता अब भ्रष्टाचार तथा तुष्टिकरण जैसी बुराइयों को भारत से निकालने की मांग कर रही है। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में भारत मंडप में प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को लेकर देश में एक नई क्रांति आई है। उन्होंने देशवासियों से आने वाले त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को और बढ़ावा देने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में ‘नव-मध्यम वर्ग’ का उदय हो रहा है, जो कपड़ा कंपनियों को बड़ा अवसर प्रदान करता है। विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश अब एक स्वर में भ्रष्टाचार, वंशवाद की राजनीति और तुष्टिकरण जैसी बुराइयों से कह रहा है भारत छोड़ो। देश में खादी की बढ़ती लोकप्रियता पर मोदी ने कहा कि इसकी बिक्री अब बढ़कर 1.30 लाख करोड़ रुपये हो गई है जो 2014 से पहले करीब 25,000-30,000 करोड़ रुपये थी।

End of Feed