जंतर-मंतर के बाद अब महाराष्ट्र में आंदोलन करेगी 'कॉकरोच जनता पार्टी'; 11 जून को पुणे यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन का ऐलान

NEET पेपर लीक और परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद अब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) 11 जून को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है।

देश में हाल ही में नीट, CBSE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित धांधली और पेपर लीक मामलों को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने एक और ऐलान कर दिया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारी विरोध प्रदर्शन करने के बाद, सोशल मीडिया पर बेहद कम समय में ख्याति पाने वाली CJP अब देश के अन्य बड़े शहरों में आंदोलन का विस्तार करने जा रही है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को घोषणा की है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनकी पार्टी आगामी 11 जून (गुरुवार) को महाराष्ट्र की 'शिक्षा राजधानी' कहे जाने वाले पुणे में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।

cjp protest pune

सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में 11 जून को जुटेगी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (चित्र साभार: AP)

सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में जुटेंगे जेन-जी

अभिजीत दीपके ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' (X) पर इस आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए लिखा, "पुणे में मिलते हैं! महाराष्ट्र जिंदाबाद!" सीजेपी के आधिकारिक हैंडल से भी इस संबंध में पोस्ट साझा की गई, जिसमें लिखा गया "महाराष्ट्र की शिक्षा राजधानी पुणे में 'कॉकरोच' शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। पुणे के कितने 'कॉकरोच' इसमें शामिल होंगे?" यह विरोध प्रदर्शन 11 जून को शाम 4:00 बजे सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय (SPPU) परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

End of Feed