Cloud Burst in Dharali Uttarakhand: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली में बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में बाढ़ आने से तबाही का मंजर सामने आया है, हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है वहीं इस हादसे में कई मकान और होटल तबाह हो गए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धराली में हुए भारी नुकसान पर दुख जताया और प्रभावितों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि सेना, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा जिला प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से भारी तबाही (फोटो: X Uttarakhand Police)
धामी ने कहा कि वह निरंतर वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति की नियमित जानकारी ले रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
नदी में ऊपर से भारी मात्रा में तेजी से पानी और मलबा आया और देखते ही देखते...
धराली गंगोत्री धाम से करीब 20 किलोमीटर पहले पड़ता है और यात्रा का प्रमुख पड़ाव है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नदी में ऊपर से भारी मात्रा में तेजी से पानी और मलबा आया और देखते ही देखते मकान और होटल उसकी चपेट में आ गए।
'लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है' बोले PM मोदी
उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री धामी से बात की, 7 बचाव टीम रवाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर धराली में अचानक आई बाढ़ के बारे में जानकारी ली और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सात बचाव टीम भेजने का आदेश दिया। शाह ने 'एक्स' पर लिखा, 'धराली (उत्तरकाशी) में अचानक आई बाढ़ के संबंध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात की और घटना की जानकारी ली। पास में ही तैनात आईटीबीपी की तीन टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया है, साथ ही एनडीआरएफ की चार टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुंच कर बचाव कार्य में लगेंगी।'
अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड के मातली में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 12वीं बटालियन से 16 सदस्यीय टीम धराली पहुंच गयी है, जबकि इसी बल की एक अन्य टीम को भी बादल फटने वाली जगह पर पहुंचने को कहा गया है। धराली गंगोत्री के रास्ते में मुख्य पड़ाव है और यहां कई होटल, रेस्तरां और होमस्टे हैं।
जेपी नड्डा ने ट्वीट कर लिखा- उत्तराखंड में उत्तरकाशी स्थित धराली गाँव में अचानक बादल फटने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत हृदय विदारक....
अमित शाह ने हर संभव मदद का दिया आश्वासन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में मंगलवार को बादल फटने की घटना पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए राज्य सरकार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।उन्होंने इस आपदा में हुई जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है। केंद्रीय गृह मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ समेत सभी राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
