Life Support Remark: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की लाइफ सपोर्ट वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा कि विपक्षी गठबंधन राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से नाकाम मानता है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (फोटो साभार: PTI)
उमर अब्दुल्ला की हालिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदीप भंडारी ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता के शब्दों से गठबंधन के भीतर आत्मविश्वास की कमी उजागर होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी का बचाव करने के बावजूद गठबंधन के सहयोगी निजी तौर पर मानते हैं कि INDIA ब्लॉक की चुनावी हार के लिए वही जिम्मेदार हैं।
भाजपा नेता ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रदीप भंडारी ने कहा, ''यह राहुल गांधी के नेतृत्व वाले INDIA ब्लॉक के मुंह पर एक ज़ोरदार तमाचा है। आज, उमर अब्दुल्ला और गठबंधन में उनके कई सहयोगी दावा करते हैं कि राहुल गांधी गठबंधन के नेता बनने के लायक नहीं हैं। यह बयान यह भी साबित करता है कि राहुल गांधी के वोट चोरी और EVM या SIR पर सवाल उठाने के बावजूद, गठबंधन का हिस्सा रहे और सत्ता में बैठे हर व्यक्ति, चाहे वह हेमंत सोरेन हों या उमर अब्दुल्ला, अंदर ही अंदर यह मानते हैं कि राहुल गांधी की वजह से कांग्रेस और गठबंधन की दूसरी पार्टियां कोई चुनाव नहीं जीत सकती हैं।"
'लाइफ सपोर्ट पर है INDIA ब्लॉक'
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि आज यह साफ है कि कांग्रेस को छोड़कर, गठबंधन की बाकी सभी पार्टियां मानती हैं कि राहुल गांधी राजनीतिक रूप से नाकाम हैं। प्रदीप भंडारी की यह प्रतिक्रिया उमर अब्दुल्ला के शनिवार को एचटी लीडरशिप समिट 2025 में दिए उस बयान पर सामने आई जिसमें उन्होंने कहा कि गठबंधन "लाइफ सपोर्ट" पर है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या गठबंधन पहले ही मर चुका है तो उन्होंने कहा, ''हम एक तरफ से लाइफ सपोर्ट पर हैं, लेकिन कभी-कभी कोई हमें पैडल्स लाकर झटका देता है और हम फिर से उठ जाते हैं। फिर दुर्भाग्य से, बिहार जैसे नतीजे आते हैं और हम नीचे गिर जाते हैं और फिर किसी को हमें व्हीलचेयर पर ले जाना पड़ता है।''
