INDIA Bloc Protest: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विपक्षी दलों के 'वोट चोरी' के आरोपों को खारिज नहीं किया, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का यह दावा गलत है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष द्वारा खड़े किए गए विवाद में देश की राष्ट्रपति को घसीटा जा रहा है। यह जवाब ऐसे मौके पर आया जब विपक्षी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें 'वोट चोरी' के मुद्दे पर एक ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने दावा किया था कि वह इस बात से हैरान हैं कि राष्ट्रपति ने चुनाव धांधली के आरोपों को खारिज नहीं किया और विपक्षी नेताओं की बात को मान लिया।
मुलाकात के बाद क्या बोले राहुल
राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने विपक्षी सांसदों से 'वोट चोरी' के आरोपों के सबूत मांगे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक के नेता राष्ट्रपति को सबूत सौंपेंगे, जब वह उन्हें स्वीकार करने के लिए तैयार होंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, चुनाव रद्द करने की मांग... राष्ट्रपति को सौंपे विपक्ष के ज्ञापन में और क्या-क्या?
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन था शामिल
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी, भाकपा महासचिव डी. राजा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, राजद नेता मनोज झा, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल थिरुमावलवन और समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय शामिल थे।
CJI को ज्ञापन सौंपेगा विपक्ष
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद अब विपक्षी दल सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपने की योजना बना रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी नेता सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपेगे।
