Saurav Das News: कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने विदेश यात्रा से रोके जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। सौरव दास को 23 नवंबर की रात दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। उन्होंने केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों के फैसले को चुनौती दी है। बुधवार को सौरव दास की ओर से वकील कृष्णेश बापट ने दिल्ली हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांब्रे और जस्टिस संजय शर्मा के सामने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की। हालांकि, कोर्ट ने याचिका पर गुरुवार, 26 नवंबर को सुनवाई करने की बात कही।
सौरव दास पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट
वकील ने कहा- कोई आदेश नहीं दिखाया गया
सौरव दास के वकील ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल को इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया, लेकिन उन्हें कोई आदेश नहीं दिखाया गया। वकील ने कहा कि न तो लुक आउट सर्कुलर (LOC) दिखाया गया और न ही किसी प्राधिकरण की ओर से यात्रा पर रोक लगाने का आदेश बताया गया।
वकील ने कहा कि सौरव दास 27 नवंबर को भी ब्रिटेन जा सकते हैं और उनकी यात्रा की व्यवस्था पहले से है। अगर मामले की सुनवाई नहीं हुई तो याचिका निष्प्रभावी हो सकती है। इस पर कोर्ट ने मामले को गुरुवार के लिए सूचीबद्ध करने की बात कही।
पासपोर्ट में क्या गड़बड़ी बताई गई?
रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव दास का पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से जारी हुआ था। पासपोर्ट में जन्मस्थान चेन्नई दर्ज है, जबकि उनका जन्म दिल्ली में हुआ था। पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में कथित गड़बड़ी को लेकर जवाब मांगा गया और पूछा गया कि उनका पासपोर्ट क्यों न जब्त किया जाए। उन्हें जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। साथ ही, जवाब जमा करने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए नहीं करने की सलाह दी गई है।
सौरव दास ने सरकार पर लगाए आरोप
सौरव दास का आरोप है कि उन्हें फ्लाइट रवाना होने से करीब पांच घंटे पहले नोटिस मिला। उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक सक्रियता के कारण जानबूझकर विदेश जाने से रोकने का आरोप लगाया है। सौरव दास ब्रिटेन में कई कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे थे। इनमें ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आयोजित पैनल चर्चा भी शामिल थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग से भी आमंत्रण मिला था।
\
