हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि चिराग पासवान ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा नहीं रहने और 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। हालांकि, जब चिराग पासवान आज रात दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्होंने इन खबरों को सिरे से खारिज किया।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (फाइल फोटो- PTI)
ये भी पढ़ें- Bihar SIR: सुप्रीम कोर्ट का बिहार वोटर लिस्ट पर बड़ा आदेश, काटे गए 65 लाख वोटरों का नाम सार्वजनिक करने को कहा
चिराग ने क्या कहा
पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी ऐसा बयान नहीं दिया। उन्होंने कहा, "कुछ लोग हमें एनडीए से अलग करने के लिए पूरी तरह परेशान हैं, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि जब तक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, तब तक ऐसी बात होना संभव ही नहीं है।" चिराग पासवान ने आगे कहा कि विपक्ष को यह अच्छी तरह पता है कि जब तक एनडीए एकजुट है, तब तक वह सत्ता में नहीं आ सकती। उन्होंने कहा, "मैंने क्या कहा और क्या कहा गया, इससे साफ होता है कि किस तरह से कुछ बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।"
सीट बंटवारे पर कोई बात नहीं
जब उनसे पूछा गया कि बार-बार यह सवाल क्यों उठता है कि क्या वे 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि ऐसी बातें वही लोग फैलाते हैं जो हमसे जुड़ी नहीं हैं। उन्होंने कहा, "जो बात आप कह रहे हैं, वह हमारे बिना ही बाहर आ जाती है।" चिराग पासवान ने यह भी कहा कि अभी तक गठबंधन के अंदर सीट बंटवारे को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है, इसलिए इस विषय पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। "गठबंधन के भीतर जो भी फैसला होगा, वह बातचीत के बाद ही होगा," उन्होंने कहा।
