Flydubai Flight Incident: कैप्टन स्मित मच्छार आप किसी पहचान के मोहताज नहीं है। उन्होंने फ्लाईदुबई का विमान उड़ाते हुए बीच हवा में 174 लोगों की जिंदगियां बचाईं, जिसके बाद इजरायली सरकार के साथ-साथ इजरायल के नागरिक भी उन्हें अपना हीरो मान रहे हैं। इस बीच, गुजरात की भूपेंद्र भाई पटेल सरकार ने स्मित मच्छार को सम्मानित करने का ऐलान किया है।
भारत के जांबाज कैप्टन स्मित मच्छर
खून से लथपथ स्मित ने बचाई 174 जिंदगियां
बता दें कि स्मित मच्छार ने फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में को-पायलट का न सिर्फ मुकाबला किया, बल्कि बेहोश होने से पहले कॉकपिट का दरवाजा भी खोल दिया, ताकि हमलावर को-पायलट से निपटा जा सके।
चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। जिसकी बदौलत यात्रियों एवं क्रू सदस्यों ने हमलावर पर काबू पाने में मदद की और एक बड़ा हादसा टल गया। आज दुनियाभर में स्मित मच्छार की बहादुरी के चर्चे हो रहे हैं।
विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड से होंगे सम्मानित
गुजरात में जन्मे स्मित मच्छार को वहां की सरकार ने 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' से सम्मानित करने का ऐलान किया है। साथ ही, सरकार ने स्मित मच्छार की बहादुरी को देखकर गौरवांवित है और उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि गुजरात के इस वीर सपूत ने अपनी बहादुरी से दुनियाभर में गुजरात और देश का नाम रोशन किया है। उनकी रगों में बहने वाली गुजराती अस्मिता हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उनके इस असाधारण साहस और मानवता के कार्य को सम्मानित करने के लिए गुजरात सरकार कैप्टन स्मित मच्छार को 'विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार' से सम्मानित करेगी। पूरा गुजरात उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। देशवासियों की संवेदनाएं और प्रार्थनाएं कैप्टन स्मित मच्छार के साथ हैं।
सोमनाथ मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा, ''भारत के वीर सपूत कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव में विशेष महापूजा और आयुष्य मंत्रजाप अनुष्ठान हो रहा है। इस अवसर पर पूरे गुजरात और हम सभी देशवासियों की सामूहिक प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।'' उन्होंने कहा कि देवों के देव भगवान सोमनाथ से हमारी प्रार्थना है कि वे हमारे इस जांबाज नायक को जल्द पूर्णत: स्वस्थ करें और उन्हें दीर्घायु का आशीर्वाद दें। हर हर महादेव!
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पहले जैसे नहीं आज के कॉकपिट...क्यों पायलट को बचाने कोई नहीं आ सका? जानें- 9/11 के बाद कैसे 'अभेद्य किला' बना नॉर्मल गेट
काशी में हो रहा हनुमान चालीसा का पाठ
कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर वाराणसी में भी पूजा पाठ का दौर जारी है। काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा पातालपुरी मठ में बटुकों और साधु संतों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। कैप्टन स्मित मच्छार की तस्वीर के साथ साधु संतों ने भगवान के दरबार में अर्जी लगाई और भारत माता के सपूत की सलामती के लिए मंत्रोच्चार के साथ पूजा की।
