Coronavirus News Update: तमिलनाडु में Covid-19 के 5,975 नए मामले आए सामने, 97 संक्रमितों की मौत
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 30 लाख का आंकड़ा पार कर चुके हैं, जबकि इस घातक बीमारी से दम तोड़ने वालों की संख्या 56 लाख से अधिक हो गई है। हालांकि बड़ी संख्या में लोग इस घातक महामारी से उबरे भी हैं और लोगों के ठीक होने की दर भी बढ़ रही है, पर फिलहाल मामलों पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। संक्रमण की रोकथाम को लेकर देश में वैक्सीन साल के आखिर तक आने की उम्मीद की जा रही है।
Coronavirus News Updates: कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए उठाए जा रहे सभी जरूरी प्रयासों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने उम्मीद जताई कि देश में साल के आखिर तक इसके लिए टीका उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक इसमें जुटे हुए हैं और जल्द परिणाम आने की उम्मीद की जा सकती है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जबकि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच लोगों की चिंता बढ़ रही है और वे बेसब्री से इसकी रोकथाम को लेकर टीके के ईजाद का इंतजार कर रहे हैं। देश में संक्रमण के आंकड़े 30 लाख को पार कर चुके हैं, जबकि अब तक 56 हजार से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स :
तमिलनाडु में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,79,385 हुए
तमिलनाडु में संडे को कोविड-19 के 5,975 नए मामले सामने आए, जिसके साथ राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,79,385 हो गए। राज्य में 97 संक्रमितों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 6,517 हो गई।बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में फिलहाल 53541 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। रविवार को 6,047 संक्रमितों को उपचार के बाद ठीक होने पर विभिन्न स्वाथ्य केंद्रों से छुट्टी दी गई जिसके साथ ही राज्य में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,19,327 हो गई।चेन्नई में संक्रमण के 1298 नए मामले आए जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,25,389 हो गई। अब तक राज्य में कुल 42,06,617 नमूनों की जांच हो चुकी है।
महाराष्ट्र में पॉजिटिव केसों की कुल संख्या अब 6,82,383 पहुंची
महाराष्ट्र में आज 10,441 नए कोरोना मामले और 258 मौतें हुईं। पॉजिटिव केसों की कुल संख्या अब 6,82,383 है, जिसमें 4,88,271 रिकवरी और 1,71,542 सक्रिय मामले शामिल हैं।
संक्रमण के मामलों की पुष्टि की दैनिक औसत दर पिछले सप्ताह कम होकर 7.67 प्रतिशत हुई
देश में पिछले छह दिन में लगातार कोविड-19 के लिए रोजाना आठ लाख से अधिक नमूनों की जांच के साथ देश में अब तक कुल 3.52 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हो चुकी है, वहीं संक्रमण के मामलों की पुष्टि की दैनिक औसत दर पिछले सप्ताह कम होकर 7.67 प्रतिशत हो गयी है, जो तीन से नौ अगस्त के बीच 9.67 प्रतिशत थी। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि इस साल जनवरी में पुणे में महज एक प्रयोगशाला के माध्यम से परीक्षण की शुरुआत हुई थी, जो आज देशभर में अब तक कुल 3.5 करोड़ से अधिक परीक्षण का आंकड़ा पार कर चुका है।पिछले 24 घंटों में कुल 8,01,147 कोविड-19 परीक्षणों के साथ अब तक कुल 3,52,92,220 नमूनों के परीक्षण किए जा चुके हैं।
यूपी में कोरोना से अभी तक कुल 2926 लोगों की मौत हुई
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को यहां बताया कि 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 59 और लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि राज्य में इस संक्रमण से अब तक 2926 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस संक्रमण से होने वाली मौतों का प्रतिशत 1.56 है।एक्टिव केसों की कुल संख्या 49242, पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके लोग 1,35,613 हैं। इस प्रकार रिकवरी का प्रतिशत बढ़कर 72.21 हो गया है।
ओडिशा में कोरोना के रिकॉर्ड करीब 3 हजार मामले
ओडिशा में कोविड-19 के रिकॉर्ड 2,993 नए मामले सामने आने के बाद रविवार को राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 78,530 हो गए। वहीं, 10 और लोगों की मौत के बाद राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 409 हो गई। राज्य में 25,791 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जबकि 52,277 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में अभी तक 13,02,711 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 68,906 नमूनों की जांच शनिवार को ही की गई।
अब तक 3.52 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच
देश में कोविड-19 के लिए अब तक 3.52 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है। आईसीएमआर के मुताबिक, शनिवार को यहां 8,01,147 नमूनों की जांच की गई। 22 अगस्त तक कुल 3,52,92,220 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
75 फीसदी के करीब पहुंचा रिकवरी रेट
संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट में रविवार को भी सुधार दर्ज किया गया है। शनिवार को जहां यह 74.69 प्रतिशत दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को यह 74.90 प्रतिशत रहा। इस घातक संक्रमण से होने वाली मौतों की दर में भी गिरावट दर्ज की गई है और शनिवार के 1.87 फीसदी के मुकाबल रविवार को यह 1.86 प्रतिशत दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में यहां 57,989 लोग संक्रमण से उबरे हैं, जिसके बाद इस घातक बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 22,80,566 हो गई है।
राजस्थान में 70 हजार के करीब पहुंचा संक्रमण केस
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के रविवार को 697 नए मामले सामने आए, जबकि 6 अन्य लोगों की जान गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 69,961 हो गए हैं, जिनमें से 54,252 लोग बीमारी से उबर चुके हैं, जबकि 14,759 एक्टिव केस हैं। राज्य में अबतक 950 लोग इस घातक संक्रमण से जान गंवा चुके हैं।
24 घंटों में फिर बढ़े करीब 70 हजार मरीज
बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के एक बार फिर करीब 70 हजार मामले सामने आए हैं, जबकि 900 से अधिक लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां संक्रमण का कुल आंकड़ा बढ़कर जहां 30 लाख के पार जा पहुंचा है, वहीं इस घातक बीमारी से मरने वालों की तादाद बढ़कर 56 हजार से अधिक हो गई है। रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के कुल मामले अब 30,44,941 हो गए हैं, जिनमें से 7,07,668 एक्टिव केस हैं, जबकि 22,80,567 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। वहीं मृतकों की कुल संख्या अब 56,706 हो गई है।
झारखंड में कृषि मंत्री संक्रमित
झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और विगत कुछ दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों से कोरोना जांच करा लेने की अपील की। राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर अब 29,103 हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या 310 हो गई है।
पंजाब में तीन मंत्रियों को कोरोना संक्रमण
पंजाब सरकार में मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर बताया, 'मेरे कैबिनेट सहयोगी, सहकारिता एवं जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कोविड-19 से पीड़ित हो गए हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' रंधावा कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले अमरिंदर सिंह सरकार के तीसरे मंत्री हैं। इससे पहले तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा और गुरप्रीत सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
बिहार में मृतकों का आंकड़ा 600 के पार
बिहार में कोरेाना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर जहां 1.19 लाख के पार हो चुके हैं, वहीं मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 600 को पार कर चुका है। राजधानी पटना में संक्रमण के सर्वाधिक मामले सामने आ रहे हैं।

