LIVE

Coronavirus India Updates: मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 2523 नए मामले दर्ज, कुल संख्या 1 लाख 8 हजार के पार

भारत में कोरोना वायरस की संख्या बढ़कर 54 लाख को पार कर गई है। देश में रोजना 90 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। कोविड-19 से संक्रमण की संख्या में भारत अब केवल अमेरिका से पीछे है। लेकिन इसके साथ एक अच्छी खबर भी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में सबसे ज्यादा लोक इस महामारी से ठीक हो चुके हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Sep 22, 2020, 00:15 IST
Follow on Google News
Coronavirus India Updates: मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 2523 नए मामले दर्ज, कुल संख्या 1 लाख 8 हजार के पार
Photo Credit: PTI

Covid-19 vaccine updates: देश में इस महामारी से अब तक 86,572 लोगों की जान जा चुकी है। भारत में मृत्युदर भी अन्य देशों से कम है। यहां मृत्युदर घटकर 1.6 प्रतिशत पर आ गई है। इस बीच विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के महीने से धान की फसल का अवशेष खेतों में जलना शुरू हो जाएगा, इससे कोरोना की समस्या बढ़ सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने संसद को बताया है कि भारत में कोरोना का टीका 2021 तक आ सकता है लेकिन इस टीके को बड़ी आबादी तक पहुंचाने में थोड़ा समय लग सकता है। 

SEPT 22, 2020 00:15 IST

राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 37 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि

मध्यप्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,523 नए मामले सामने आए।इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 1,08,167 हो गयी है। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 37 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 2,007 हो गयी है।मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, 'पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर में छह, भोपाल में पांच, जबलपुर एवं सागर में तीन-तीन, खरगोन, उज्जैन, रीवा एवं नरसिंहपुर में दो-दो और ग्वालियर, धार, रतलाम, बड़वानी, बैतूल, शहडोल, दमोह, कटनी, अनूपपुर, सिंगरौली, पन्ना एवं आगर-मालवा में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।' उन्होंने बताया, 'राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 505 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 363, उज्जैन में 89, सागर में 83, जबलपुर में 127 एवं ग्वालियर में 104 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।' 
 

SEPT 21, 2020 22:06 IST

दिल्ली में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,49,259 तक पहुंची

दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,548 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही शहर में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,49,259 तक पहुंच गई।स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कोविड-19 के 32 और मरीजों के मौत के बाद मृतक संख्या 5,014 हो गई।उन्होंने कहा कि 33,733 नमूनों की जांच में से पिछले दिन की तुलना में अपेक्षाकृत नए मामलों की संख्या कम रही।विभाग ने कहा कि दिल्ली में 30,941 मरीज उपचाराधीन हैं।

SEPT 21, 2020 20:35 IST

कोरोना को परास्त करने के लिए हम एक कदम आगे की रणनीति अपनाएं-सीएम योगी

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि कोरोना को परास्त करने के लिए आवश्यक है कि हम एक कदम आगे की रणनीति अपनाएं। इसके लिए जनपद मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक कोविड-19 के नियंत्रण और उपचार की प्रत्येक कड़ी को मजबूत रखा जाए।उन्होंने कहा कि कोविड-19 एक नयी वैश्विक महामारी है इसलिए इसे परास्त करने की हमारी रणनीति भी विशेष होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में कोरोना वायरस को लेकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड-19 के दृष्टिगत सभी इंतजाम कर रही हैं।उन्होंने प्रत्येक जनपद में स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी को कोविड-19 चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
 

SEPT 21, 2020 18:22 IST

अभी केवल सरकारी निर्दिष्ट अस्पतालों को ही कोरोना जांच करने की अनुमति थी

मिजोरम सरकार ने निजी अस्पतालों और प्रयोगशालाओं को कोविड-19 की जांच के लिए नमूने लेने की अनुमति दे दी है। सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट के एक विधायक ने सोमवार को यह जानकारी दी।अब तक केवल सरकारी निर्दिष्ट अस्पतालों को ही कोरोना वायरस जांच करने की अनुमति प्राप्त थी।मिजो नेशनल फ्रंट के विधायक और राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ जेड आर थियमसंगा ने कहा कि हाल ही में आधिकारिक गजट में अधिसूचित ‘मिजोरम महामारी रोग (कोविड-19) (द्वितीय संशोधन) नियम 2020’ के तहत आवश्यक सुविधाओं वाले निजी अस्पताल और प्रयोगशालाएं नमूने एकत्र कर कोरोना वायरस संक्रमण की जांच कर सकते हैं।

SEPT 21, 2020 16:55 IST

ठाणे में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,58,703 हुए

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,781 नए मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,58,703 हो गए।रविवार को कोविड-19 के 27 और मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,143 हो गई।उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में कोविड-19 के 18,942 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 1,35,618 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले में कोविड-19 से होने वाली मौत की दर 2.61 प्रतिशत है और ठीक होने की दर 85.45 प्रतिशत है।

SEPT 21, 2020 15:50 IST

भारत में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर 80% के पार

भारत में लगातार तीसरे दिन कोविड-19 के 90 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए और इसके साथ ही इस महामारी से ठीक होने की दर 80 प्रतिशत से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से जारी एक वक्तव्य में कहा गया कि पिछले चौबीस घंटे में 93,356 मरीज ठीक हुए हैं। वक्तव्य के अनुसार, 'भारत में राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 के मरीजों के ठीक होने की दर 80 प्रतिशत से अधिक हो गई है। लगातार तीसरे दिन भारत में 90 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं।'

SEPT 21, 2020 15:23 IST

सत्येंद्र जैन ने कहा- दिल्ली में अभी 1000 आईसीयू बेड्स उपलब्ध

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राजधानी में अभी करीब 1000 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद दिल्ली के अस्पतालों में कोविड-19 के बेड्स अब उपलब्ध नहीं हैं।
SEPT 21, 2020 12:44 IST

पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के 633 नए मामले

पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 633 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 306,304 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण की वजह से चार और मरीजों की मौत हुई और मृतकों की संख्या बढ़कर 6,420 हो गई। देश में अब तक 292,869 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। देश में 7,015 मरीजों का फिलहाल इलाज चल रहा है।

SEPT 21, 2020 12:07 IST

मिजोरम में कोविड-19 के सात नए मामले

मिजोरम में कोविड-19 के सात नए मामले सामने आए हैं, जिससे सोमवार को इस पूर्वोत्तर राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,585 हो गई। यह जानकारी एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि चार नए मामले आइजोल जिले में सामने आए हैं। इसके अलावा दो मामले लॉन्गतलाई और एक मामला मामित जिले से सामने आया है। अधिकारी ने बताया कि आइजोल में नए मामलों का पता संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने के दौरान चला जबकि बाकी तीन नये मरीज अन्य राज्यों से मिजोरम लौटे हैं। उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के दो कर्मी नए मरीजों में शामिल हैं।

SEPT 21, 2020 10:18 IST

24 घंटे में देश में 86,961 केस, 1130 की गई जान

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 86,961 मामले सामने आए हैं जबकि 1130 लोगों की मौ हुई है। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस से संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 54,87,581 हो गई है। इनमें से 10,03,299 केस एक्टिव हैं जबकि 43,96,399 लोगों को इलाज से ठीक/डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस महामारी से अब तक 87,882 लोगों की मौत हो चुकी है।
SEPT 21, 2020 09:27 IST

दुनिया में सबसे ज्यादा भारत में ठीक हुए लोग

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि विश्व भर में जितने लोग कोरोना महामारी से ठीक हुए हैं, उनमें भारत शीर्ष पर है। भारत में 43 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी से ठीक हो गए हैं। विश्व भर में कोरोना के संक्रमण से जितने लोग स्वस्थ हुए हैं उनमें 19% भारतीय हैं।
SEPT 21, 2020 09:26 IST

कर्नाटक में कोरोना से मरने वालों की संख्या 8,000 के पार

कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण से 101 और मरीजों की मौत के बाद प्रदेश में इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या रविवार को 8,000 के आंकड़े को पार कर गई। साथ ही, संक्रमण के 8,191 नये मामले भी सामने आये। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बयान जारी कर बताया कि आज 8,611 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी । राज्य में संक्रमण के अब तक कुल 5,19,537 मामले सामने आये हैं।

SEPT 21, 2020 09:26 IST

कोरोना के स्ट्रेन में नहीं आया है कोई बड़ा बदलाव: हर्षवर्द्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन ने रविवार को कहा कि भारत में कारोना वायरस के ‘स्ट्रेन’में कोई बड़ा या महत्वपूर्ण बदलाव नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि आईसीएमआर कोविड-19 संक्रमण का पता लगाने के लिए लार आधारित जांच कराने के विषय में सक्रियता से इसकी पड़ताल कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने फॉलोवरों के साथ संवाद के दौरान यह भी कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमपी) पिछले कुछ महीनों के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर जुटाए गए ‘स्ट्रेनों’(वायरस का स्वरूप) का बड़े पैमाने पर अध्ययन करने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि वायरस के स्वरूप में बदलाव (म्यूटेशन) के संबंध में शुरुआती अक्टूबर में जानकारी उपलब्ध होगी।