LIVE

Corona: ब्लैक फंगस ने बढ़ा दी चिंता, उत्तर प्रदेश में 169 मामले, 8 की मौत, कर्नाटक में भी 200 केस

Corona Crisis: देश में कोरोना टीके की कमी बनी हुई है लेकिन इस बीच भारत बॉयोटेक ने राहत वाली खबर दी है। भारत बॉयोटेक ने कहा है कि वह स्वदेशी वैक्सीन कोवाक्सिन का उत्पादन तेज करेगा और हर साल टीके का अतिरिक्त 20 करोड़ डोज तैयार करेगा। कंपनी का कहना है कि वह वैक्सीन का उत्पादन 100 करोड़ डोज तक ले जाएगी। राज्यों में टीके की कमी बनी हुई है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated May 21, 2021, 23:53 IST
Follow on Google News
Corona: ब्लैक फंगस ने बढ़ा दी चिंता, उत्तर प्रदेश में 169 मामले, 8 की मौत, कर्नाटक में भी 200 केस

Coronavirus: देश में कोरोना वायरस के मामलों में कमी आ रही है। हालांकि मौत के आंकड़ों में अभी भी तेजी बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 2,59,551 नए मामले दर्ज किए गए, वहीं 3,57,295 लोग स्वस्थ हुए। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 87.25 प्रतिशत हो गई है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट गिरकर 12.59 प्रतिशत हो गया है। लगातार आठवें दिन कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से ज्यादा है। लगातार पांच दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या तीन लाख से कम हैं। इसके अलावा देश भर में कोविड-19 के टीके की अब तक 19 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गई हैं। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स

MAY 21, 2021 23:49 IST

कर्नाटक में भी 200 मामले

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, 'हमारे यहां लगभग 200 मामले (ब्लैक फंगस) हैं जो अब तक आधिकारिक तौर पर सभी जिलों से रिपोर्ट किए गए हैं। हम आवश्यक दवा प्राप्त करने की प्रक्रिया में हैं। मैं केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा के लगातार संपर्क में हूं, जिन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।' 

MAY 21, 2021 23:44 IST

UP: ब्लैक फंगस के 169 केस, 8 मौतें

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को घातक संक्रमण काले फंगस को महामारी घोषित कर दिया। राज्य में अब तक म्यूकोर्मिकोसिस के 169 मामले दर्ज किए गए हैं और इससे आठ मौतें हुई हैं। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से महामारी रोग अधिनियम, 1897 के तहत काले फंगस या म्यूकोर्मिकोसिस को एक उल्लेखनीय बीमारी बनाने का आग्रह किया था, जिसमें कहा गया था कि संक्रमण से कोविड-19 रोगियों की संख्या और मृत्यु दर बढ़ रही है।

MAY 21, 2021 22:26 IST

राजस्थान में ब्लैक फंगस के लगभग 700 मामले: स्वास्थ्य मंत्री

राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर रघु शर्मा ने कहा कि राज्य में ब्लैक फंगस के लगभग 700 मामले सामने आए हैं और राज्य सरकार ने इस बीमारी को महामारी घोषित करने के लिए अधिसूचित भी कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी के उपचार के लिये प्रोटोकाल तय किया है। इसके तहत कोविड के उपचार में स्टेरॉइड की जो मात्रा दी जा रही है उसको भी कम करने के लिये कहा है और जितनी आवश्यकता हो उतनी ही दी जाए।

MAY 21, 2021 20:18 IST

तमिलनाडु में 24 घंटे में 467 मौतें

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में 36,184 नए कोविड 19 मामले, 24,478 रिकवरी और 467 मौतें हुई हैं।

कुल मामले 17,70,988
कुल रिकवरी 14,76,761
कुल मृत्यु 19,598
सक्रिय मामले 2,74,629

MAY 21, 2021 20:18 IST

महाराष्ट्र में 24 घंटे में 555 मौतें

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 29,644 नए कोविड 19 मामले सामने आए, 44,493 रिकवरी और 555 मौतें हुई हैं।

कुल मामले-55,27,092
कुल रिकवरी- 50,70,801
कुल मुत्यु - 86,618
सक्रिय मामले -3,67,121

MAY 21, 2021 19:16 IST

कर्नाटक में 7 जून तक बढ़ा लॉकडाउन

कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा, 'हमने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बैठक की। हमने लॉकडाउन पर फैसला लिया है। 24 मई तक सख्त प्रतिबंध हैं। विशेषज्ञों की राय के अनुसार, हम 7 जून को सुबह 6 बजे तक सख्त प्रतिबंध बढ़ा रहे हैं।'
 

MAY 21, 2021 18:10 IST

केरल में 30 मई तक बढ़ा लॉकडाउन

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, 'केरल में लॉकडाउन 30 मई तक रहेगा। त्रिशूर, एर्नाकुलम और त्रिशूर में ट्रिपल लॉकडाउन 23 तारीख से वापस लिया जाएगा। राज्य में आज 29,673 कोविड मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 124 लोगों की मौत हुई है।'

MAY 21, 2021 16:31 IST

UP में 24 घंटे में 172 मौतें

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 7735 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 17,668 मरीज ठीक हुए हैं और 172 मौतें हुई हैं। अब तक 15,34,176 मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां मरने वालों की संख्या 18,760 हो गई है। यूपी में 1,06,276 सक्रिय मामले हैं।

MAY 21, 2021 15:32 IST

दिल्ली में 24 घंटे में 252 मौतें

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 3009 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 7288 मरीज ठीक हुए हैं और 252 मौतें हुई हैं। यहां सक्रिय मामले 35,683 हैं। 

MAY 21, 2021 15:10 IST

लद्दाख में कोविड-19 के 107 नए मामले, एक व्यक्ति की मौत

लद्दाख में कोविड-19 के 107 नए मामले सामने आए हैं और शुक्रवार को संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,025 और मृतकों की संख्या 172 हो गई। लेह में अब तक संक्रमण से 124 तथा कारगिल में 48 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों ने बताया कि नए मामलों में से 82 मामले लेह से तथा 25 मामले कारगिल से सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि लद्दाख में फिलहाल 1,554 मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं, 106 और मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 15,264 हो गई।

MAY 21, 2021 13:57 IST

स्वास्थ्य मंत्री की राज्यों के साथ बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नौ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की है। इस बैठक में राज्यों में कोरोना की स्थिति और टीकाकरण अभियान की समीक्षा हुई।
MAY 21, 2021 13:09 IST

 ईडी ने कारोबारी नवनीत कालरा के ठिकानों पर की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑक्सीजन सांद्रकों की कथित जमाखोरी तथा कालाबाजारी के एक हालिया मामले में कारोबारी नवनीत कालरा के कई ठिकानों पर शुक्रवार को छापेमारी की। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि छापेमारी का मकसद मामले में सबूत एकत्रित करना है।

MAY 21, 2021 11:00 IST

कर्नाटक में शनिवार से 18-44 वर्ष के लोगों के लिए फिर टीकाकरण

कर्नाटक सरकार शनिवार से 18-44 वर्ष के लोगों के लिए कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम फिर से शुरू करेगी। राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को जारी किए गए एक आदेश में कहा कि इस समूह के अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे लोगों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार ने टीकों की कमी के कारण आठ दिन पहले इस आयुवर्ग के लिए टीकाकरण बंद करने का फैसला किया था। आदेश में कहा गया, ‘‘18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए 22 मई से एक बार फिर टीकाकरण शुरू किया जाएगा और राज्य द्वारा खरीदे गए टीकों का इस्तेमाल पात्र लोगों के टीकाकरण के लिए किया जाएगा।’’
 

MAY 21, 2021 09:35 IST

बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के  2,59,591 नए केस

बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 2,59,591 नए केस मिले हैं जबकि 4,209 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उपचार के बाद 3,57,295 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमण की संख्या बढ़कर 2,60,31,991 हो गई है। उपचार के बाद इस संक्रमण से अब तक 2,27,12,735 लोगों को ठीक किया गया है। वहीं, अब तक 2,91,331 लोगों की जान गई  है। देश में एक्टिव केस की संख्या 30,27,925 है। अब तक 19,18,79,503 लोगों को कोरोना टीके की खुराक दी जा चुकी है।

MAY 21, 2021 09:05 IST

ओडिशा में पुलिस ने दफनाए मृतकों के शव

ओडिशा के मयूरभंज में एक परिवार ने कोरोना के डर से शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिवार के इंकार करने पर पुलिस ने दो शवों को दफनाया। खुंटा पुलिस स्टेशन के प्रभारी ने कहा कि परिवार के इंकार करने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कराया।
MAY 21, 2021 09:04 IST

देश में कोविड-19 टीके की 19 करोड़ से अधिक खुराक लगाई गईं

देश में अब तक कोविड-19 टीके की 19 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि बृहस्पतिवार को टीकाकरण अभियान के 125वें दिन टीके की 14,56,088 खुराक दी गईं। मंत्रालय ने बताया कि 18-44 साल आयवुर्ग के 7,36,514 लोगों को बृहस्पतिवार को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगायी गयी और इस तरह इस टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में इस उम्र वर्ग में 85,84,054 लाभार्थियों को टीके लगाये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि रात आठ बजे तक की अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार, देश में अब तक कोविड-19 टीके की 19,18,10,604 खुराक लगायी गयी हैं।

MAY 21, 2021 09:04 IST

गुजरात के 36 शहरों में रात के कर्फ्यू की अवधि बढ़ी 

गुजरात सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए राज्य के 36 शहरों में रात्रिकालीन कर्फ्यू की अवधि बृहस्पतिवार को बढ़ा दी और अब इन शहरों में 28 मई तक रात में कर्फ्यू रहेगा। हालांकि दिन के समय में लागू प्रतिबंधों में ढील दी गई है और सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक दुकानें, शॉपिंग मॉल एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान खोलने और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति दी गयी है।