भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के एक बयान का जवाब देते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा नेताओं में लगातार सत्ता में बने रहने का विश्वास जनता की सेवा, उसका भरोसा जीतने से आता है। नवीन ने जयपुर के दादिया में 'सेवा संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश विकसित भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के बयान का जवाब दिया
'ये विश्वास जनता के भरोसे को जीतने से आता है...'
उन्होंने कहा, 'नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूछ रहे थे कि क्यों भाजपा की सरकारें लगातार आती हैं... भाजपा के नेता क्यों कहते हैं कि हम अगले 25 साल तक जनता की सेवा करेंगे..? मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ये विश्वास जनता की सेवा से आता है, ये विश्वास जनता के भरोसे को जीतने से आता है और जनता के लिए काम करने से आता है।'
'2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करना है'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'आज देश विकसित भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। भाजपा का नेतृत्व, कार्यकर्ता और संगठन इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करना है। क्योंकि हमारा ध्येय है… राष्ट्र प्रथम।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 'पार्टी केवल सत्ता या सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि उनका मुख्य लक्ष्य राष्ट्र प्रथम और जनसेवा करना है।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: UP में होर्डिंग-बुलडोजर से नहीं होगा BJP नेताओं का स्वागत, नितिन नवीन का संदेश-घरों पर पार्टी का झंडा लगाएं कार्यकर्ता
'हम केवल सत्ता के लिए नहीं है। हम केवल सरकार बनाने के लिए नहीं हैं'
उन्होंने कहा, 'हम केवल सत्ता के लिए नहीं है। हम केवल सरकार बनाने के लिए नहीं हैं। हम केवल अपनी जीत नहीं देखते। हमारा स्पष्ट ध्येय जनसेवा है।' इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य नेता भी मौजूद थे। उन्होंने दोहराया कि पार्टी कार्यकर्ता 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
